नसीब लाल झा/ताजपुर:[समस्तीपुर] ताजपुर प्रखंड अंतर्गत ताजपुर गांधी चौक पर संचालित एक निजि शिक्षण संस्थान में रविवार 14 अप्रैल को, संविधान निर्माता डॉ भीमराव अम्बेडकर जी की 133वीं जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के शुरुआत में स्थानीय लोगों ने बाबा साहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

तत्पश्चात भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में एक संकल्प सभा का आयोजन भी किया गया। संकल्प सभा को प्रखंड कमिटी सदस्य ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, आसिफ होदा, मोहम्मद एजाज, राजदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, संजीव राय, मोहम्मद कयूम, बिरजु कुमार, मनोज कुमार सिंह, मुकेश कुमार गुप्ता, रंजीत सिंह, कैलाश सिंह आदि ने संबोधित किया। बतौर वक्ता सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि, हमें बाबा साहब की क्रांतिकारी विरासत से ताकत और प्रेरणा लेने की जरूरत है। बाबा साहब ने न सिर्फ हमें संविधान और आरक्षण दिया, बल्कि उन्होंने हमें राजनीति में भक्ति के ख़तरों से भी आगाह किया था। उनके विचारों को आत्मसात करना है और संविधान व भारत की लोकतांत्रिक भविष्य की रक्षा के लिए काम करने की जरूरत है। माले नेता ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से बाबा साहेब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को जन- जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।









