
समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में उत्पाद पुलिस ने, सोमवार 12 अक्टूबर को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, 720 लीटर स्प्रिट बरामद कर लिया, और स्थानीय उजियारपुर थाना के होनहार थानाध्यक्ष मुंह ताकते रह गए। इस दौरान उत्पाद पुलिस ने स्प्रिट ले जा रहे, एक मालवाहक टेम्पू को भी जब्त कर लिया, साथ ही उसके चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र निवासी, रामाशंकर राय के पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गयी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्पाद अधीक्षक समस्तीपुर ने पत्रकारों को बताया कि, उन्हें गुप्त सुचना मिली कि, अवैध देशी शराब निर्माण किए जाने में इस्तेमाल किया जाने वाला स्प्रिट की एक बड़ी खेप एनएच 28 से गुजरने वाली है। प्राप्त सूचना के आधार पर जब उत्पाद विभाग की टीम ने, NH-28 पर वाहनों की जांच शुरू की तो, इसी दौरान बेगूसराय की ओर से आ रहे एक संदिग्ध मालवाहक टेम्पू को, उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर गांव के पास रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहन से 40 लीटर क्षमता वाले 18 गैलन में रखा करीब 720 लीटर स्प्रिट बरामद हुई। जिसके बाद मालवाहक टेम्पू को जब्त करते हुए चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में मुजफ्फरपुर ले जाने की बात आई सामने
उत्पाद अधीक्षक ने यह भी बताया कि, यह स्प्रिट बेगूसराय से मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि, चालक पूर्व में भी स्प्रिट के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में रामपुर हरि थाना से जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद थाना के सहायक पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार पासवान ने किया। पुलिस ने बताया कि मामले में गिरफ्तार चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, इस कारोबार में कथित रूप से शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।







