अरविन्द कुमार व शिव उदय सिंह/समस्तीपुर: जिले के उजियारपुर थाना अंतर्गत बैकुंठपुर ब्रह्ण्डा पंचायत के पचपैका गांव में, एक दबंग व्यक्ति के द्वारा एक गरीब किसान के 6 कट्ठा खेतों में लगे फसल को, बर्बाद कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पिड़ित व्यक्ति बैकुंठपुर ब्रहण्डा पंचायत के पचपैका गांव निवासी, अमरकांत शर्मा का कहना है कि, उन्होंने महाजन से ब्याज पर पैसा लेकर, करीब 6 कट्ठा जमीन पर आलू व मक्के का फसल लगाया था।

जिस जमीन पर उन्होंने फसल लगाया था। उस जमीन को गांव के ही एक आपराधिक प्रवृति के व्यक्ति, जो पेशा से शिक्षक भी है, ने उनकी मां व पिताजी को धोखे में रखकर वर्ष 2022 में जबरदस्ती जमीन रजिस्ट्री करवा लिया। जिससे संबंधित मामला भी माननीय न्यायालय में विचाराधीन है। उसी जमीन पर वह जबरदस्ती कब्जा करना चाहता है। उक्त मामले से संबंधित आवेदन भी उन्होंने उजियारपुर थाना को दिया है, लेकिन अभी तक उनके आवेदन पर कोई कार्रवाई नही की गयी है। पिड़ित व्यक्ति का यह भी बताना है कि, उक्त दबंग व्यक्ति के खिलाफ उजियारपुर थाना में, करीब आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिसमें हत्या व गोलीबारी की घटना भी शामिल है। पिड़ित व्यक्ति का यह भी बताना है कि, इस घटना से संबंधित आवेदन उन्होंने उजियारपुर थाना के साथ साथ, एसडीपीओ दलसिंहसराय व एसपी समस्तीपुर को भी दे चुका है, लेकिन अभी तक उस व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नही की जा सकी है। जिसका नतीजा है कि उक्त दबंग ने उनके खेत में लगे फसल को ही नष्ट कर दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि, घटना के दिन उजियारपुर पुलिस ने उसे थाने पर बुला लिया, तथा इधर उसके खेत में लगे फसल को दबंगों ने जोत दिया। हालांकि इस आरोप के संबंध में जानकारी के लिए, जब उजियारपुर थाना के सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क स्थापित करने की कोशिश की गयी तो, उनका मोबाइल नंबर आउट ऑफ नेटवर्क कवरेज एरिया रहने के कारण, उनका पक्ष नही जाना जा सका। इधर पिड़ित व्यक्ति ने यह भी बताया कि, अगर स्थानीय पुलिस प्रशासन उक्त व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई नही करती है तो, वह लोग जिला स्तरीय पुलिस पदाधिकारी को घटना से संबंधित सुचना देते हुए आत्मदाह कर लेंगे।







