अभिनंदन समारोह को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा में अंदरूनी खींचतान, जिलाध्यक्ष निशांत कुमार ने कार्यक्रम को बताया निजी आयोजन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के मोहनपुर स्थित यूएन पैलेस में आयोजित, अभिनंदन समारोह को लेकर पार्टी के अंदर ही सवाल उठने शुरू हो गए हैं। कार्यक्रम को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के समस्तीपुर जिलाध्यक्ष निशांत कुमार ने, पत्रकारों को जानकारी देते हुए इसे पार्टी का आधिकारिक कार्यक्रम मानने से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि, यह आयोजन पार्टी के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद चौधरी निषाद का निजी कार्यक्रम था।

जिलाध्यक्ष निशांत कुमार ने यह भी बताया कि, इस आयोजन में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की भागीदारी नहीं रही। यहां तक कि, जिले के किसी भी प्रखंड अध्यक्ष ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया। उन्होंने दावा किया कि, कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कई लोगों को यह जानकारी देकर बुलाया गया था कि, समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बेटे एवं बिहार सरकार के मंत्री शामिल होने वाले हैं। इसी उम्मीद में लोग कार्यक्रम में पहुंचे थे। जिलाध्यक्ष का यह भी कहना है कि, यदि लोगों को इस तरह की जानकारी नहीं दी गई होती तो वहलोग इस कार्यक्रम में शामिल होने ही नहीं आते।

जिलाध्यक्ष के इस बयान के बाद अभिनंदन समारोह को लेकर संगठनात्मक स्तर की चर्चा शुरू हो गई है। एक ओर समारोह में प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामेश्वर कुमार महतो समेत कई नेताओं की मौजूदगी, और कार्यकर्ताओं के सम्मान की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर जिलाध्यक्ष ने आयोजन को निजी बताते हुए संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं और प्रखंड अध्यक्षों की अनुपस्थिति का मुद्दा उठाया है।

इस घटनाक्रम ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के समस्तीपुर जिला संगठन के भीतर आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि कार्यक्रम के आयोजक सह राष्ट्रीय लोक मोर्चा अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद चौधरी निषाद का बताना है कि, राष्ट्रीय लोक मोर्चा अब परिवारवाद की पार्टी बन गयी है। पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं को कोई तवज्जो नही दिया जाता है। इस दौरान श्री निषाद ने यह भी बताया कि, इस कार्यक्रम में जिला के करीब आधा दर्जन प्रखंडों से भी ज्यादा प्रखंड के प्रखंड अध्यक्ष शामिल हुए थे, साथ ही सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल हुए थे। जितने भी लोग शामिल हुए थे, किसी को झूठ बोलकर कार्यक्रम में नही लाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *