इलाज के दौरान महिला सिपाही रेशम कुमारी का निधन, समस्तीपुर पुलिस महकमे में शोक की लहर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। जिले के बंगरा थाना में प्रतिनियुक्त महिला सिपाही रेशम कुमारी (सिपाही संख्या-950) का रविवार देर रात पटना के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही समस्तीपुर पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत महिला सिपाही मूल रूप से भागलपुर जिले के नाथनगर स्थित तुलसी मिश्रा लेन की निवासी थीं।

मिली जानकारी के अनुसार, रेशम कुमारी समस्तीपुर जिला बल में पदस्थापित थीं और वर्तमान में बंगरा थाना में प्रतिनियुक्त थीं। करीब तीन दिन पूर्व अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें तत्काल समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों और पुलिसकर्मियों के सहयोग से उन्हें पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों के अनुसार, महिला सिपाही पहले से भी बीमार चल रही थीं। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उनकी जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

इधर, महिला सिपाही के निधन पर पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष रामजन्म कुमार, जिलामंत्री मनोज कुमार पासवान, उपाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह, नीतीश कुमार एवं संदीप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। रेशम कुमारी के निधन से पुलिस महकमे में शोक और मायूसी का माहौल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *