दीपावली की रात पटाखों की जगह दोनों हाथों में पिस्टल लेकर युवक ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, वीडियो वायरल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। दीपावली की रात जहां लोग दीप जलाकर और आतिशबाजी कर खुशियां मना रहे थे, वहीं सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा एक वीडियो, लोगों को हैरान कर रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक दोनों हाथों में पिस्टल लेकर फायरिंग करता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि इस विडियो में दिख रहे युवक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो समस्तीपुर शहर के काशीपुर मोहल्ले का है, तथा यह वीडियो निशित सिंह नाम के फेसबुक अकाउंट के, स्टेटस के माध्यम से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। दावा यह भी किया जा रहा है कि, यह वीडियो दीपावली की रात का है। वीडियो में एक युवक दोनों हाथों में पिस्टल लेकर लगातार फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। दीपावली के जश्न के दौरान पटाखों की जगह हथियारों से फायरिंग किए जाने का यह दृश्य कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

हालांकि इस वायरल वीडियो के वास्तविक स्थान को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है कि, यह वीडियो नगर थाना क्षेत्र का है या मुफस्सिल थाना क्षेत्र का ? सार्वजनिक स्थानों या रिहायशी इलाकों में इस तरह खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करना और फायरिंग करना लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। जश्न के नाम पर इस तरह की गतिविधियां किसी बड़ी दुर्घटना का कारण भी बन सकती थी।

अब सवाल यह है कि, सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे इस वीडियो का पुलिस संज्ञान लेगी ? क्या वीडियो की सत्यता की जांच कर युवक की पहचान की जाएगी? साथ ही यह भी स्पष्ट होगा कि संबंधित थाना क्षेत्र कौन-सा है और फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार लाइसेंसी हैं या अवैध। फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नही आई है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि, फायरिंग वाले स्थान का पता कर संबंधित पुलिस कब तक उक्त युवक के खिलाफ कार्रवाई करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *