
समस्तीपुर। उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर चौक पर युवक के साथ कथित पुलिसिया मारपीट का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना के संबंध में आवेदन दिए जाने के एक सप्ताह बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर भाकपा माले ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। भाकपा माले के वरिष्ठ नेता महावीर पोद्दार ने इस मामले में उजियारपुर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस की यह कार्यशैली पीड़ित को न्याय दिलाने के बजाय उसे परेशान करने वाली है।
महावीर पोद्दार ने कहा कि सातनपुर में कुरेड़ी रौशन कुमार के साथ उजियारपुर थाना में कार्यरत पीटीसी निरंजन कुमार द्वारा बेरहमी और निर्ममता से मारपीट किए जाने की घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने 12 नवंबर को ही उजियारपुर थाना में लिखित आवेदन दिया था। इसके बावजूद आवेदन दिए जाने के एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी थानाध्यक्ष द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पीड़ित ने अपनी शिकायत पुलिस के समक्ष रख दी है तो अब तक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच क्यों शुरू नहीं की गई?
उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व आम लोगों की सुरक्षा करना और पीड़ितों को न्याय दिलाना है, लेकिन जब पुलिसकर्मियों पर ही मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगें और शिकायत के बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हो तो यह पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
भाकपा माले नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द प्राथमिकी दर्ज कर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी के प्रतिनिधिमंडल द्वारा पुलिस के वरीय अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई जाएगी। इतना ही नहीं, उजियारपुर थाना की कथित गलत गतिविधियों और पुलिस की मनमानी के खिलाफ भाकपा माले बहुत जल्द आंदोलन भी करेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इस मामले को चुपचाप नहीं देखेगी और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी। अब देखना होगा कि भाकपा माले की चेतावनी के बाद पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कब शुरू होती है। हालांकि इस मामले से संबंधित जानकारी के लिए जब उजियारपुर थानाध्यक्ष के सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गयी तो, उनका नंबर आउट ऑफ नेटवर्क कवरेज एरिया रहने के कारण उनका पक्ष नही जाना जा सका।









