
उजियारपुर (समस्तीपुर)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर रायपुर पंचायत की मुखिया अंजू कुमारी भी भक्ति के रंग में रंगी नजर आईं। रविवार को उन्होंने पूरे नेम-निष्ठा और श्रद्धाभाव के साथ छठ व्रत किया। संध्याकाल में अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर उन्होंने छठी मैया और सूर्यदेव से पंचायत की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वांगीण विकास की कामना की।
छठ पूजा के दौरान मुखिया अंजू कुमारी की आस्था और भक्ति का भाव देखते ही बना। भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हुए उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि रायपुर पंचायत के तमाम लोगों के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली बने रहने की प्रार्थना की।
उन्होंने कामना की कि छठी मैया की कृपा सभी पंचायतवासियों पर बनी रहे। हर घर में सुख-समृद्धि आए, समाज में आपसी प्रेम और भाईचारा कायम रहे तथा पंचायत विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुए।
उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक आस्था, सामाजिक समरसता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भी अनुपम पर्व है। इस पर्व में जनप्रतिनिधि से लेकर आम नागरिक तक एक समान श्रद्धा और समर्पण के साथ भगवान सूर्य की उपासना करते हैं।
मुखिया अंजू कुमारी की सूर्य आराधना के साथ पंचायत की खुशहाली की कामना ने यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि के लिए अपने परिवार के साथ-साथ पूरे पंचायत परिवार का सुख और कल्याण भी महत्वपूर्ण है।








