पिस्टल, कट्टा, कारतूस और विदेशी करेंसी! रोसड़ा में आठ अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, रोसड़ा थाने की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए, अपराध की योजना बना रहे आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक सेमी ऑटोमेटिक लोडेड पिस्टल, एक देशी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस, तीन लक्जरी चारपहिया वाहन, एक बुलेट मोटरसाइकिल, विदेशी शराब, नकद रुपये और विदेशी मुद्रा समेत कई सामान बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में कई ऐसे अपराधकर्मी भी शामिल हैं, जिनके विरुद्ध हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और शराबबंदी कानून के तहत पहले से मामले दर्ज हैं। उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर ग्रामीण मुकुल कुमार रंजन ने रोसड़ा थाना पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दिया।

प्रेस वार्ता के दौरान मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि, जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 नवम्बर को रोसड़ा थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि, रोसड़ा थाना क्षेत्र के बदीया टोल मब्बी गांव स्थित अमित कुमार के दलान में कुछ अपराधकर्मी एकत्रित होकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही रोसड़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के क्रम में उनके पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, विदेशी शराब और विदेशी मुद्रा सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपित बदमाशों की पहचान, रोसड़ा थाना क्षेत्र के महुली गांव निवासी गुलशन कुमार, सहियार बुर्ज निवासी अमित कुमार, सुमित कुमार, शोभित कुमार, सुनील कुमार और जीत कुमार, हसनपुर थाना क्षेत्र के सभेपुरा गांव निवासी मनखुश कुमार तथा बिथान थाना क्षेत्र के सिहमा गांव निवासी विनय कुमार के रूप में की गयी है।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर ग्रामीण मुकुल कुमार रंजन ने यह भी बताया कि, गिरफ्तार गुलशन कुमार के विरुद्ध रोसड़ा थाना में हत्या, शराबबंदी कानून तथा आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। वह रोसड़ा थाना कांड संख्या 443/26 में भी वांछित बताया गया है। इसी प्रकार विनय कुमार उर्फ बबली कुमार के विरुद्ध बिथान थाना में हत्या एवं आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।

मनखुश कुमार के विरुद्ध हसनपुर एवं बिथान थाना में चोरी, आर्म्स एक्ट और डकैती से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं, सुमित कुमार के विरुद्ध रोसड़ा थाना में शराबबंदी कानून के तहत मामला दर्ज है। इस कार्रवाई में रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा, रोसड़ा थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक आशुतोष कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुभाष चंद्र मंडल, राहुल कुमार, जितेंद्र महतो, पीटीसी राजू कुमार सिंह, सिपाही रामप्रवेश कुमार, चिंटू कुमार, धीरेन्द्र कुमार एवं महिला सिपाही अंशु कुमारी शामिल थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *