
समस्तीपुर। नशामुक्त बिहार अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं नशामुक्ति अभियान में सराहनीय योगदान देने वाले कर्मियों को, गुरुवार 26 नवम्बर को सम्मानित किया गया। मद्यनिषेध दिवस एवं संकल्प दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी समस्तीपुर ने सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार नशामुक्त बिहार अभियान के तहत, जिले के विभिन्न उच्च विद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने, तथा विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध लेखन, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में श्रुति कुमारी ने प्रथम तथा सत्यम कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता में आयुष कुमार चौधरी प्रथम, अनामिका कुमारी द्वितीय एवं स्मिता कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में काजल कुमारी ने प्रथम, शिवम कुमार ने द्वितीय तथा माही यादव ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा, नशामुक्ति अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली समस्तीपुर की नुक्कड़-नाटक टीम के 10 सदस्यों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में अभिषेक कुमार, नेहा प्रवीण, मौसम कुमारी, शिवानी कुमारी, निदा तरन्नुम, आयशा आफरीन, अन्नू प्रिया, आयुष कुमार रंजन, अलीशा आफरीन एवं मोहम्मद अरमान शामिल हैं। वहीं शराबबंदी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं सराहनीय योगदान के लिए सहायक अवर निरीक्षक संजीत कुमार पासवान को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन ने नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं एवं आम नागरिकों से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने तथा नशामुक्त बिहार के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।








