नसीब लाल झा/समस्तीपुर: समस्तीपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में संचालित एक मिनी शराब फैक्ट्री खुलासा किया है, तथा इस धंधे में संलिप्त कुल 18 गैंग के धंधेबाजों की पहचान कर, इस धंधे में शामिल धंधेबाजों में से, इस गैंग के सरगना मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी, उमेश कुमार उर्फ ननकी समेत कुल 8 धंधेबाज युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार अन्य युवकों की पहचान फतेहपुर गांव के ही जालेश्वर सिंह के पुत्र रूपेश कुमार, वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र निवासी देवेन्द्र पासवान, ताजपुर थाना क्षेत्र के वार्ड सात निवासी मोहम्मद चाँद, गुनाई बसही के संतोष कुमार उर्फ अवधेश कुमार, कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के राज नारायण राय, सरायरंजन थाना क्षेत्र के वरुणा रसलपुर निवासी, मनीष कुमार तथा, सीमावर्ती जिला मुजफ्फरपुर के बोचहा थाना क्षेत्र निवासी कृष्ण कुमार सहनी के रूप में की गयी है। उक्त जानकारी एएसपी सह एसडीपीओ सदर संजय कुमार पांडे ने, टाउन थाना पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दिया।

प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि, जिला में आगामी लोकसभा चुनाव व होली पर्व को देखते हुए, शराब के धंधे में संलिप्त धंधेवाजों के खिलाफ, विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में समस्तीपुर पुलिस को यह सूचना मिली कि, मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में, कुछ शराब धंधेबाजों के द्वारा अवैध देशी व विदेशी शराब का विनिर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलने के तुरंत बाद इसकी जानकारी मुसरीघरारी पुलिस को दी गयी। जिसके बाद मुसरीघरारी थाना के प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक ब्यूटी रानी व रिंकू कुमार के नेतृत्व में बनी छापामारी टीम ने, थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव पहुंच कर छापामारी करते हुए एक कार से शराब की बोतलें जब्त की, साथ ही जिस दरवाजे पर वह कार खड़ी थी, उस घर के अंदर जब छापामारी टीम पहुंची तो सबके होश उड़ गए। शराब धंधेबाज उस घर के अंदर एक तहखाना बनाकर उसमे शराब की फैक्ट्री चला रहे थे।

जिसके बाद मौके से दो शराब धंधेबाज युवकों को हिरासत में लेते हुए, मौके से शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाला 500 लीटर स्प्रिट, तथा 224 पीस प्लास्टिक का बोतल, इंपीरियल ब्लू लिखा हुआ 2 हजार 8 सौ ढक्कन, मैकड्वेल नंबर वन लिखा हुआ 5 सौ ढक्कन, 13 सौ अन्य प्लास्टिक का ढक्कन, मैकड्वेल नंबर वन लिखा हुआ 166 पीस स्टीकर, इंपीरियल ब्लू लिखा हुआ 147 पीस स्टीकर, हरा रंग का 10 पीस प्लास्टिक का खाली डिब्बा 40 लीटर वाला, तथा कृष्ण कुमार सहनी के पास से एक मोबाइल फोन, तथा उमेश कुमार उर्फ ननकी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। उक्त सभी सामानों को मुसरीघरारी पुलिस ने, अपने कब्जे में लेकर जप्त करते हुए थाने ले आयी है। जिसके बाद हिरासत में लिए गए दोनों शराब धंधेबाजों से पुछताछ के आधार पर, इस धंधे में शामिल कुल 18 लोगों की पहचान कर ली गयी। जिसमे से 8 धंधेबाजों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के द्वारा गठित इस छापामारी टीम में मुसरीघरारी थानाध्यक्ष के साथ साथ प्रशिक्षू पुलिस अवर निरीक्षक ब्यूटी रानी, रिंकु कुमार, सिपाही अविनाश कुमार, बब्लू कुमार, प्रमोद कुमार लालदेव, पप्पू कुमार एवं नितेश कुमार शामिल थे।







