
उजियारपुर/समस्तीपुर। जिले में शराब तस्कर शराब तस्करी के मामले में रोजना नए नए तरकीब अपनाते रहते हैं, लेकिन उत्पाद पुलिस भी किसी से कम नही है। वह भी रोजाना शराब धंधेबाजों के चाल पर पानी फेरते रहते हैं। ताजा मामला भी किसी फिल्मी कहानी से कम नही है। बाबजूद उत्पाद पुलिस उन शराब धंधेबाजों के मंसूबों को सफल नही होने दे रहे हैं।
हालांकि विगत 72 घंटों में उत्पाद पुलिस के द्वारा की गयी इस दुसरी कार्रवाई ने उजियारपुर पुलिस के कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार 12 अक्टूबर को भी उजियारपुर थाना क्षेत्र के ही चांदचौर एनएच-28 पर से भारी मात्रा में एक मालवाहक टेम्पू से कच्चा स्पिरिट बरामद किया गया था।
अभी उक्त कार्रवाई के 72 घंटे भी पुरे नही हुए थे, कि इसी क्रम में उजियारपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी का एक नायाब मामला फिर से सामने आया है। जहां उत्पाद थाने की पुलिस ने बुधवार 14 अक्टूबर की देर रात को, एनएच-28 स्थित चांदचौर गांव में शंकर चौक के पास छापेमारी कर, भारी मात्रा में ब्रांडेड विदेशी शराब बरामद करने में सफलता हासिल किया है।
उत्पाद थाने की पुलिस ने, एक संदिग्ध कंटेनर की तलाशी के दौरान उसमें लोड चार स्कॉर्पियो चार पहिया वाहनों से कुल 290 कार्टून में रखी 2610 लीटर विदेशी शराब जब्त किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी जा रही है। हालांकि उत्पाद पुलिस के द्वारा की गयी इस कार्रवाई के दौरान, कंटेनर का चालक और उपचालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल हो गया।
इस कार्रवाई के बाद उजियारपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी पर नियंत्रण, और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। आपको बता दें कि, इससे पहले भी उजियारपुर थाना क्षेत्र में शराब बरामदगी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बीच, उत्पाद पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर उजियारपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करी के नेटवर्क की ओर ध्यान खींचा है।
गुप्त सूचना पर उत्पाद पुलिस ने की छापेमारी
उक्त जानकारी गुरुवार 15 अक्टूबर को उत्पाद थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान, उत्पाद अधीक्षक समस्तीपुर मनोज कुमार सिंह ने दी। पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि, उत्पाद थाने में तैनात सहायक पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार पासवान रात्रि गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि, उजियारपुर थाना क्षेत्र के एनएच-28 स्थित चांदचौर गांव के शंकर चौक के पास, एक संदिग्ध कंटेनर खड़ी है, जिसमें भारी मात्रा में शराब लदी हुई है।
सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार पासवान, पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उत्पाद पुलिस की टीम को अपनी ओर आते देखकर कंटेनर का चालक और उपचालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध कंटेनर की तलाशी ली।
कंटेनर के अंदर लोड थीं चार स्कॉर्पियो
तलाशी के दौरान पुलिस को कंटेनर के अंदर चार स्कॉर्पियो चारपहिया वाहन लोड मिले। इसके बाद जब सभी चारों स्कॉर्पियो की जांच की गई तो, उनमें भारी मात्रा में विदेशी शराब रखी हुई मिली। पुलिस ने मौके से कुल 290 कार्टून में रखी 2610 लीटर विदेशी शराब बरामद किया है।
शराब की इतनी बड़ी खेप को एक कंटेनर के अंदर चार स्कॉर्पियो में लादकर ले जाने का मामला सामने आने के बाद, पुलिस शराब तस्करी के तरीके और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच में भी जुट गई है। उत्पाद पुलिस ने शराब के साथ कंटेनर और चारों स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।
विभूतिपुर के वाहन मालिक की हुई पहचान
उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार, जब्त वाहन के सत्यापन के दौरान वाहन मालिक की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के साख मोहन गांव निवासी, रामवृक्ष यादव के पुत्र त्रिभुवन कुमार के रूप में की गई है। उनके विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
इसके साथ ही शराब की इस खेप के परिवहन में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी हुई है कि, शराब आखिर कहां से लाई गई थी, तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था, और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
उजियारपुर में शराब तस्करी पर नियंत्रण को लेकर उठे सवाल
उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर में एक बार फिर भारी मात्रा में शराब बरामद होने से, इलाके में शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। एनएच-28 जैसे प्रमुख मार्ग के आसपास शराब की बड़ी खेप का मिलना तस्करों की गतिविधियों की गंभीरता को दर्शाता है। वहीं, उत्पाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई में इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी को अहम सफलता माना जा रहा है।
हालांकि, इस मामले में शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल उत्पाद पुलिस ने कंटेनर, चारों स्कॉर्पियो और शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होना बाकी है कि, इस खेप के पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय था, और फरार चालक व उपचालक कौन थे।







