समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत पतैली पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या 12 में, बुधवार 22 अप्रैल को बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते इस आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, और इस अगलगी की घटना में दो घर जलकर पुरी तरह राख हो गया।

अचानक लगी इस आग को देखकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए, तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों की तत्परता के कारण कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम एवं डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। आग से प्रभावित लोगों की पहचान नंद किशोर पासवान व संजू देवी के रूप में की गई है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का बताना है कि, दोपहर के समय धूप तेज होने के कारण सभी लोग अपने अपने घरों में आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट होने से घर में आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने एक अन्य घर को भी अपनी चपेट में ले लिया, और धू धू कर दोनों घर जल गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाने में सफलता पा ली। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
घटना स्थल पर पतैली पूर्वी पंचायत के मुखिया सुनील झा, समाजसेवी अमरेश झा, दिलीप चौधरी, विकास झा, डायल 112 में तैनात दरोगा वीरेंद्र सिंह एवं युवा समाजसेवी सह पत्रकार सुदर्शन कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।







