ऑपरेशन मुस्कान के तहत समस्तीपुर पुलिस की मोबाइल रिकवरी टीम ने 23 लाख रुपये के 91 मोबाइल बरामद कर असल धारकों को लौटाए

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत, लगातार गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी कर, उन्हें उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंपने का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में समस्तीपुर पुलिस के विभिन्न थानों में कार्यरत मोबाइल रिकवरी टीम ने, एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 23 लाख रुपये बाजार मूल्य के 91 मोबाइल फोन बरामद कर, संबंधित धारकों के बीच वितरित कर दिया।

समस्तीपुर मोबाइल रिकवरी टीम के द्वारा बरामद मोबाइल से संबंधित, आयोजित एक प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए  पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर ने बताया कि, ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले भर में विशेष टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों द्वारा तकनीकी अनुसंधान, साइबर ट्रैकिंग एवं अन्य आधुनिक संसाधनों की सहायता से, गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश की जाती है। इसी प्रयास का परिणाम है कि आज बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपा जा रहा है।

एसपी ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के विभिन्न चरणों में अब तक समस्तीपुर पुलिस द्वारा करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपये मूल्य के 1820 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाकर पुलिस ने, ना केवल लोगों की आर्थिक क्षति की भरपाई की है, बल्कि आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत कर रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि, इस अभियान में डीएसपी साइबर एवं साइबर तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रैकिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों और राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

इस चरण में सबसे बेहतर प्रदर्शन पटोरी थाना का रहा। जहां की पुलिस टीम ने 24 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं दलसिंहसराय थाना और रोसड़ा थाना ने भी इस 22-22 मोबाइल फोन बरामद कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। इसके अलावा सदर थाना और साइबर थाना की टीमों ने भी 10-10 मोबाइल फोन बरामद किए।

एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इस बार अभियान के सफल संचालन में इंस्पेक्टर राम कुमार तथा दलसिंहसराय थाना की सब-इंस्पेक्टर रिचा सिंह की भूमिका सराहनीय रही है। दोनों अधिकारियों ने मोबाइल बरामदगी में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसके लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने समस्तीपुर मोबाइल रिकवरी टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि, उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सकेगा, लेकिन आज पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता के कारण उन्हें अपना मोबाइल वापस मिल पाया है।

समस्तीपुर पुलिस का यह अभियान न केवल गुमशुदा मोबाइल धारकों के चेहरे पर मुस्कान लौटा रहा है, बल्कि अपराध नियंत्रण और जनता के बीच विश्वास कायम करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *