समस्तीपुर। उजियारपुर थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव निवासी युवक बेंगलुरू से ट्रेन पकड़कर घर आने के दौरान अचानक रहस्यमयी ढंग से लापता हो गया। गायब किशोर उजियारपुर थाना क्षेत्र के गावपुर पंचायत स्थित बलभद्रपुर गांव निवासी, राजकुमार दस के 17 वर्षीय पुत्र बादल कुमार बताया जा रहा है।
घटना से संबंधित आवेदन पिड़ित राजकुमार दास ने स्थानीय उजियारपुर थाना को दिया, लेकिन उजियारपुर थाना ने घटनास्थल बेंगलुरू बताकर आवेदन लेने से इनकार कर दिया। घटना के बाद से गायब किशोर के घर मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए गायब किशोर बादल कुमार के पिता ने बताया कि, उनका पुत्र बादल कुमार 26 मई को बेंगलुरु से अपने घर उजियारपुर आने के लिए ट्रेन से रवाना हुआ था। 1 जून की दोपहर करीब 3 बजे उनके पुत्र बादल ने अपने मोबाइल नंबर से फोन करके बताया कि, वह पटना पहुंच गया है और घर आ रहा है।
उसी दिन अचानक रात के करीब 8 बजे बादल के मोबाइल नंबर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर कहा कि, उनका बेटा नशे की हालत में समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया है, तथा बादल को छोड़ने के बदले 3500 रुपये फोन-पे के माध्यम से भेजने की मांग की।
जिसके बाद उन्होंने रुपये भेजने से इनकार करते हुए स्वयं समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने का बोलकर वह तत्काल समस्तीपुर स्टेशन पहुंच गए और काफी खोजबीन की, लेकिन उनके पुत्र बादल का कहीं कोई पता नहीं चला। जिसके बाद उन्होंने अपने पुत्र के मोबाइल पर फोन किया तो, उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिलने लगा।
जिसकी सुचना उन्होंने जीआरपी थाना को दिया। जीआरपी थाना ने उन्हें उजियारपुर थाना को आवेदन देने को कहा। जब वह उजियारपुर थाना आवेदन देने पहुंचे तो उजियारपुर थाना ने बेंगलुरू का मामला बताकर आवेदन लेने से इनकार कर दिया। वहीं बेटे के गायब होने के बाद से उसकी मां ने खाना-पीना तक छोड़ बदहवास हालत में घर में मरन्नासन स्थिति में पड़ी हुई है।
प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की सहायता नही मिलता देख गायब किशोर बादल के पिता ने स्थानीय जिलावासियों से अपील करते हुए कहा है कि, अगर उनका पुत्र कहीं दिखाई दे तो कृप्या उनके आवासीय पते पर उसे पहुंचाने का कष्ट करेंगे। किशोर का पता लगाने वाले को उचित इनाम भी दिया जाएगा।







