अरविन्द कुमार/उजियारपुर: [समस्तीपुर] उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर करिहारा निवासी राम प्रह्लाद सहनी ने, प्राथमिकी दर्ज करने के बदले खर्चा पानी मांगे जाने का आरोप उजियारपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पर लगाया है। पिड़ित व्यक्ति ने इससे संबंधित आवेदन भी जिला पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दलसिंहसराय को देने की बात कही है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पिड़ित व्यक्ति चांदचौर करिहारा निवासी, राम प्रह्लाद याजी ने बताया कि, 10 अप्रैल की रात को चार की संख्या में उनके दरवाजे हथियारबंद बदमाश आए। जिसमे से 2 बदमाश को वह पहचानते हैं तथा दो अज्ञात है, आए और हथियार के बल पर उनके दरवाजे पर रखा करीब 25 हजार रूपए का ओल का फसल जबरदस्ती लूट लिया और भाग निकले। जिसके बाद उन्होंने घटना से संबंधित जानकारी उजियारपुर थाना को दिया। जानकारी के बाद उजियारपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी के द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आवेदन देने को कहा गया। जिसके बाद उन्होंने 11 अप्रैल को थाने को आवेदन दिया, लेकिन थाना को आवेदन देने के तीन दिन बीत जाने के बाद भी जब मामले में प्राथमिकी दर्ज नही की गयी तो, इसकी जानकारी लेने वह थाना पहुंचे। जहां थानाध्यक्ष ने उनसे खर्चा-पानी देने के बाद ही प्राथमिकी दर्ज किए जाने की बात कही। जिससे आहत होकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दलसिंहसराय को आवेदन देने की बात कही है। वहीं इस संबंध में जब थानाध्यक्ष उजियारपुर मुकेश कुमार से बातचीत की गयी तो, उन्होंनें बताया कि, मामले की जांच की जा रही है। जिस तरह से आवेदन लिखकर दिया गया, उससे लगता है कि, नामजद आरोपी को इस मामले में फंसाया जा रहा है। प्राथमिकी दर्ज करने के बदले खर्चा पानी मांगे जाने का आरोप बिलकुल गलत व बेबुनियाद है। हालांकि इस मामले में आवश्यक जानकारी के लिए एसडीपीओ दलसिंहसराय, व अंचल निरीक्षक दलसिंहसराय के मोबाईल संख्या पर संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन उनसे संपर्क स्थापित नही हो पाने के कारण उनका पक्ष नही जाना जा सका।







