अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा: (समस्तीपुर): जिले की DIU टीम ने मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुरवाला गांव में, शुक्रवार 11 अक्टूबर की अहले सुबह करीब 7 बजे किसान अरविन्द चौधरी की हुई गोली मारकर हत्या मामले का सफल उद्वेदन करते हुए, गोलीबारी की घटना को अंजाम देने वाले मुख्य बदमाश को गिरफ्तार कर मुसरीघरारी पुलिस के हवाले कर दिया।

जिससे आवश्यक पूछताछ के बाद मुसरीघरारी पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार बदमाश के पास से घटना के समय पहना गया कपड़ा तथा घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के जितवारपुर कुम्हिरा गांव निवासी रविंद्र कुमार के 20 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार के रूप में की गयी है।
उक्त संबंध में जानकारी देते हुए एएसपी सह एसडीपीओ सदर वन संजय कुमार पांडे ने, रविवार 13 अक्टूबर को पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि, शुक्रवार 11 अक्टूबर की अगले सुबह करीब 7 बजे सरायरंजन थाना क्षेत्र के जितवारपुर कुम्हिरा गांव निवासी, अरविंद चौधरी की बाईक सवार दो की संख्या में अज्ञात बदमाशों ने मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुरवाला गांव स्थित मुसहरी वार्ड संख्या 2 के पास उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी,
जिस समय वह अपनी बाइक से परवल लेकर उसे बेचने ताजपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर सब्जी मंडी जा रहे थे। उधर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान के आदेश पर तथा उनके नेतृत्व में बनी टीम ने, मानवीय आसुचना व तकनीकी अनुसंधान के आधार पर घटना में शामिल सभी बदमाशों की पहचान करते हुए, घटना को अंजाम देने वाले मुख्य अपराधी सरायरंजन थाना क्षेत्र के जितवारपुर कुम्हिरा गांव निवासी, 20 वर्षीय संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
जिससे पूछताछ के आधार पर अन्य बदमाशों की भी पहचान कर ली गई है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी व डीआईयु की टीम लगातार छापामारी कर रही है। गिरफ्तार बदमाश संदीप कुमार ने इस हत्याकांड में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार किया है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए एएसपी सह एसडीपीओ सदर वन संजय कुमार पांडे ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश संदीप कुमार तथा मृतक के बेटे सत्यम कुमार के बीच पैसे की लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था।
जिसकी जानकारी मिलने के बाद मृतक ने गिरफ्तार बदमाश संदीप कुमार को डांट फटकार लगायी थी। जिससे नाराज होकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे गोली मार दी थी।
इस घटना के उद्वेदन के लिए बनी छापेमारी टीम में डीआईयू शाखा प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अजीत कुमार, थानाध्यक्ष मुसरीघरारी, डीआईयू शाखा के पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार मुसरीघरारी थाना के अपर थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक ब्यूटी रानी, सिकन्दर कुमार, सिपाही संजय कुमार सिंह, बबलू कुमार आदि मौजूद थे।








