Samastipur:- स्वर्णिम भारत नवनिर्माण आध्यात्मिक प्रदर्शनी एवं राजयोग मेडिटेशन शिविर में तीसरे दिन सैकड़ों की संख्या में शामिल हुए लोग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा:(समस्तीपुर) जिले के खानपुर प्रखंड में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय समस्तीपुर के द्वारा, खानपुर दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय स्वर्णिम भारत नवनिर्माण आध्यात्मिक प्रदर्शनी एवं राजयोग मेडिटेशन शिविर में तीसरे व अंतिम दिन काफी संख्या में स्थानीय लोगों का आना जारी रहा।

शिविर में आने वाले लोग इस आयोजन की काफी सराहना कर रहे थे। इस दौरान शिविर में मौजूद बीके सविता बहन ने कहा कि, परमात्मा के बारे में जितने मुंह उतनी बातें सुनने को मिलती हैं।

सभी अपने-अपने विचार, कल्पना, अध्ययन, चिंतन या श्रवण के द्वारा परमात्मा को परिभाषित करते रहते हैं, लेकिन उनका सत्य और संपूर्ण परिचय केवल वह खुद ही दे सकते हैं। वह भी तब, जब उनके आने का सही समय हो। इसलिए उन्हें स्वयंभू भी कहा जाता है।

कलियुग की घोर कालिमा के समय जब चारों ओर पापाचार, भ्रष्टाचार चरम पर है, अंतर्मन से लेकर वैश्विक स्तर पर चारों ओर द्वंद्व की स्थिति बनी हुई है, धर्मग्लानि का समय चल रहा है।

ऐसे समय पर परमात्मा को पहचान कर उनसे संबंध जोड़ उनसे सर्व प्राप्तियां कर सकते हैं। अभी परमात्मा के गुणों को धारण कर गुणवान बनने की श्रेष्ठ वेला चल रही है।

धर्म अर्थात् जीवन में दिव्य गुणों की धारणा केवल परमात्मा के दिव्य ज्ञान से ही हो सकती है। अभी वह श्रेष्ठ ज्ञान सुलभ, सहज और निःशुल्क रूप से उपलब्ध है। हम इसका लाभ अवश्य लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *