समस्तीपुर: जिले में रसोई गैस (LPG) से जुड़ी समस्याओं और उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों के समाधान के लिए, जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार, पटना के निर्देश पर समस्तीपुर में एक कंट्रोल रूम (Control Room) की स्थापना की गई है।

सदर एसडीएम दिलीप कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि, यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन सुबह 07:00 बजे से रात के 09:00 बजे तक संचालित रहेगा। इस दौरान आमजन अपनी गैस से संबंधित शिकायतें या समस्याएं दूरभाष संख्या 06274-222300 पर दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है, और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील किया कि, वह किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।
सदर SDM दिलीप कुमार के अनुसार, गैस बुकिंग के बाद 2 से 3 दिनों के भीतर पहले की तरह ही घर-घर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों या गोदामों पर अनावश्यक भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है।
इसके अलावा गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नई व्यवस्था भी लागू की गई है। शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ता अंतिम डिलीवरी के 25 दिनों बाद ही गैस बुकिंग कर सकेंगे, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिनों की निर्धारित की गई है।
इस दौरान श्री कुमार ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि, नियमों का पालन करते हुए, किसी भी प्रकार की समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क करें।








