समस्तीपुर। यात्रियों की सुविधा एवं ग्रीष्मकालीन भीड़ को ध्यान में रखते हुए, पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल द्वारा जयनगर से उधना के बीच विशेष अनारक्षित ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन केवल एक फेरा (वन ट्रिप) के रूप में चलाई जाएगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 09068 जयनगर–उधना विशेष ट्रेन 13 अप्रैल 2026 (सोमवार) को रात्रि 23:00 बजे जयनगर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मधुबनी, दरभंगा जंक्शन, समस्तीपुर जंक्शन, बरौनी जंक्शन, पटना जंक्शन, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, इटारसी, भुसावल सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन 14:30 बजे उधना जंक्शन पहुंचेगी।
इस विशेष ट्रेन में कुल 19 एलएचबी कोच लगाए गए हैं, जिनमें 14 अनारक्षित द्वितीय श्रेणी (सामान्य) कोच, 3 द्वितीय श्रेणी कोच, 1 लगेज सह ब्रेक वैन तथा 1 दिव्यांगजन अनुकूल लगेज सह ब्रेक वैन शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस ट्रेन के संचालन से आम यात्रियों को बिना आरक्षण के यात्रा करने की सुविधा मिलेगी, साथ ही नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम होगा। मिथिलांचल क्षेत्र (जयनगर, दरभंगा, समस्तीपुर) से गुजरात (उधना/सूरत) तक सीधी कनेक्टिविटी मिलने से विशेष रूप से प्रवासी श्रमिकों को लाभ होगा। इसके अतिरिक्त यात्रियों को बिना ट्रेन बदले लंबी दूरी तय करने से समय और लागत की भी बचत होगी।
समस्तीपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस विशेष सेवा का अधिकतम लाभ उठाएं एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।







