समस्तीपुर: उत्पाद विभाग समस्तीपुर की पुलिस ने सोमवार, 13 अप्रैल की दोपहर, उत्पाद विभाग पटना से प्राप्त सुचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, ताजपुर थाना क्षेत्र के गांधी चौक से ट्रक पर लोड भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया है। इस दौरान उत्पाद पुलिस ने ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार ट्रक चालक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिला निवासी, रौशन खान के रूप में की गयी है। इस दौरान जप्त ट्रक से 1022 कार्टून विदेशी शराब बरामद किया गया है। बरामद शराब का बाजार मुल्य करीब 1 करोड़ रूपए बतायी जा रही है।

इस संबंध में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार 13 अप्रैल की सुबह उत्पाद विभाग पटना से सुचना मिली कि, अवैध विदेशी शराब की ट्रक ताजपुर में गांधी चौक के पास खड़ी है। सुचना मिलने के बाद उत्पाद पुलिस सदल बल मौके पर पहुंची। जहां संदिग्ध अवस्था में एक ट्रक को खड़ा पाया। जब उत्पाद पुलिस उक्त ट्रक के पास जाने लगी तो, ट्रक के पास खड़ा एक व्यक्ति वहां से भागने लगा।
जिसे पुलिस बल के द्वारा पकड़ लिया गया। जब उससे पुछताछ की गयी तो उसका जबाब संदेहास्पद लगा। जिसके बाद ट्रक की जांच की गयी तो, भूसा के पीछे हजारों कार्टून अवैध विदेशी शराब रखा हुआ था। जिसके बाद ट्रक को जब्त कर तथा ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। जहां उक्त ट्रक से कुल 1022 कार्टून विदेशी शराब बरामद किया गया है।
फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम जब्त शराब से संबंधित अन्य कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है। इस मामले में तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। इस बड़ी बरामदगी से इलाके में हड़कंप मच गया है, हालांकि इसे उत्पाद विभाग पटना की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।







