उजियारपुर गोलीकांड : 24 घंटे बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर अपराधी, पिछले दो माह में एक दर्जन के आसपास हुए हैं आपराधिक वारदात

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना अंतर्गत जनकपुर गांव में बाइक छीनने का विरोध करने पर, ग्रामीण शम्भू सिंह को गोली मारकर जख्मी करने वाले अपराधी घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

बताया गया है कि, शनिवार की शाम मुजफ्फरपुर–बरौनी नेशनल हाईवे 122 पर, एक ही बाईक पर सवार तीन की संख्या में बदमाशों ने, एक बाइक सवार से उसकी बाइक छीनने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान जनकपुर निवासी शम्भू सिंह मौके पर पहुंचकर विरोध करने लगे। विरोध से नाराज बदमाशों ने, बाईक ऑनर को छोड़कर शम्भू सिंह को गोली मार दी, और मौके से फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल शम्भू सिंह का इलाज समस्तीपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

घटना के बाद उजियारपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है।

इधर ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-122 पर लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी करने एवं हाईवे पर गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

मामले को लेकर पुलिस अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी बताने से बच रहे हैं। हालांकि सूत्रों की मानें तो पुलिस कई संदिग्धों को चिन्हित कर छापेमारी कर रही है। वहीं घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल अभी भी बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *