समस्तीपुर। उजियारपुर थाने की पुलिस ने थाना क्षेत्र के धमुआं चौक से एक बदमाश युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश के पास से 01 देशी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, 01 मोबाइल फोन व मौके से एक पल्सर बाईक भी बरामद किया है।
गिरफ्तार बदमाश युवक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के पतैली धमुआं चौक निवासी, हरेराम झा के पुत्र विक्की कुमार के रूप में की गयी है। उक्त जानकारी डीएसपी दलसिंहसराय विवेक कुमार शर्मा ने शुक्रवार 05 जून को डीएसपी कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दिया।
जानकारी देते हूए डीएसपी ने बताया कि, गुरुवार 04 जून की देर शाम, उजियारपुर थाना को सुचना मिली कि, धमुआं चौक पर एक युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही उजियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस वाहन को देखकर चौक पर मौजूद एक युवक भागने लगा।
जिसे छापामारी टीम में शामिल पुलिस बल खदेड़कर पकड़ लिया। जब उसकी तलाशी ली गयी तो, उसके कमर से एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद की गई। पिस्टल में लगे मैगजीन में से चार जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। इसके अलावे उसके पास से एक अन्य लोडेड मैगजीन में तीन जिंदा कारतूस तथा बैग में रखे पॉलीथिन से तीन अन्य जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
इस दौरान गिरफ्तार युवक के पास से कुल 10 जिंदा कारतूस, एक देशी पिस्टल, एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गयी। इस दौरान डीएसपी ने बताया कि, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व से भी उजियारपुर थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध वर्ष 2024 एवं 2025 में दर्ज आपराधिक कांडों में आरोप पत्र भी समर्पित किए जा चुके हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक ममता कुमारी, गृह रक्षक प्रिंस कुमार, कांति कुमारी, चौकीदार राज कुमार चौधरी, रामप्रवेश पासवान एवं नन्दकिशोर पासवान आदि मौजूद रहे।







