बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा, प्रभारी सचिव ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर, 06 सितंबर 2026। बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रभारी सचिव, समस्तीपुर-सह-सचिव, भवन निर्माण विभाग प्रणव कुमार ने जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश सिंह एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ रसूलपुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद कंट्रोल रूम में अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ से उत्पन्न संभावित परिस्थितियों और उससे निपटने की प्रशासनिक तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में बाढ़ प्रभावित परिवारों के विस्थापन की स्थिति में, आश्रय स्थलों की तैयारी, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और कम्युनिटी किचन के सुचारू संचालन पर विशेष जोर दिया गया। प्रभारी सचिव ने निर्देश दिया कि, आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए और आश्रय स्थलों पर पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

दवाओं, पशु चारा और पॉलिथीन शीट का स्टॉक रखने का निर्देश

स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जीवन रक्षक एवं आवश्यक दवाओं के पर्याप्त स्टॉक की जानकारी ली गई। सिविल सर्जन को जरूरत के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, पशुओं के लिए चारा एवं पशु चिकित्सा दवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। पशुपालन पदाधिकारी को पर्याप्त चारा और दवाइयों का स्टॉक रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में पॉलिथीन शीट की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जरूरतमंद परिवारों को समय पर पॉलिथीन शीट उपलब्ध कराने और स्टॉक का समुचित प्रबंधन करने का निर्देश दिया गया।

जलस्तर और तटबंधों पर लगातार निगरानी

प्रभारी सचिव ने जलस्तर की स्थिति की समीक्षा करते हुए अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन एवं बाढ़ प्रमंडल के अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी महत्वपूर्ण सूचना का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील स्थलों और तटबंधों पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

अनुमंडल पदाधिकारी को अनुमंडल स्तरीय कंट्रोल रूम के माध्यम से सतत निगरानी रखने तथा जिला स्तर पर 24×7 संचालित जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC) के माध्यम से स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया।

माइकिंग से लोगों को किया जा रहा जागरूक

अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से लगातार आमजनों को जागरूक किया जा रहा है। लोगों को आवश्यक सावधानियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी जा रही है।

प्रभारी सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में तत्परता, समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उजियारपुर थाना क्षेत्र में 72 घंटा के अंदर उत्पाद पुलिस की दुसरी बड़ी कार्रवाई, थाना से 2 किलोमीटर की दुरी पर घंटों खड़ी रही लाखों रूपए मूल्य के ब्रांडेड शराब लोड कंटेनर, उजियारपुर पुलिस को जानकारी भी नही हुई, उत्पाद पुलिस ने छापामारी कर बरामद कर लिया प्रतिबंधित विदेशी शराब