अरविन्द कुमार/शिव उदय सिंह:(समस्तीपुर) जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के भगवानपुर चकशेखु गांव स्थित फोरलेन के पास, अज्ञात बाईक सवार अपराधियों ने ऑटो स्टैंड से अपने घर जा रहे ऑटो स्टैंड संचालक को गोलियों से भून डाला। घटना सोमवार 25 नवम्बर की देर शाम करीब 9 बजे की बतायी जा रही है।

इस गोलीबारी की आवाज सुनकर जब तक स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, सभी अपराधी फरार हो चुके थे। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इस घटना में गंभीर रूप से घायल ऑटो स्टैंड संचालक को ईलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल दलसिंहसराय में भर्ती कराया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने घायल स्टैंड संचालक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के महिसारी बाबू पोखर गांव निवासी, ऑटो स्टैंड संचालक अशोक राय के रूप में की गई है।
उधर घटना की सुचना मिलते ही दलसिंहसराय पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल दलसिंहसराय पहुंच, मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज, मामले की छानबीन में जूट गयी है। वहीं इस गोलीबारी की घटना से नाराज मृतक के परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर, दलसिंहसराय विशनपुर मुख्य पथ को महिसारी बाबू पोखर चौक के पास, सड़क पर बांस बल्ला लगाकर सड़क को जाम कर दिया, तथा हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा जामस्थल पर वरीय पदाधिकारी को बुलाने की मांग करने लगे।
वहीं सड़क जाम की सुचना मिलने के बाद अंचल निरीक्षक निरज तिवारी जामस्थल पर पहुंच, सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, तथा सड़क जाम समाप्त करवाकर यातायात बहाल करवाया। वहीं घटना के संबंध में स्थानीय सुत्रों का बताना है कि, इस दौरान बदमाशों ने ऑटो स्टैंड संचालक को करीब 3-4 गोली मारी है। हालांकि स्थानीय सुत्रों का बताना है कि, घटना के समय करीब आधा दर्जन से भी ज्यादा गोली चलने की आवाज उनलोगों ने सुनी थी।
उधर घटना के संबंध में मृतक के परिजनों का बताना है कि, मृतक अशोक राय अपने ऑटो स्टैंड से सोमवार 25 नवम्बर की देर शाम करीब 8 बजे के बाद, अपने घर के लिए निकले थे। इसी दौरान बदमाशों ने रास्ते में ही उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया। अपराधियों ने इस दौरान मृतक को करीब तीन से चार गोली मारी है। परिजनों का बताना है कि, मृतक का दलसिंहसराय के ही कुछ लोगों के साथ पांच कट्ठा जमीन को लेकर पूर्व से विवाद चला आ रहा था।
जिसको लेकर स्थानीय थाना में मामला भी दर्ज किया गया था। परिजनों ने यह आशंका भी व्यक्त किया है कि, इस घटना में इन लोगों का भी हाथ हो सकता है। आपको बता दें कि विगत कुछ दिनों में दलसिंहसराय अनुमंडल क्षेत्र में लूट हत्या व चोरी की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है, लेकिन स्थानीय पुलिस प्रशासन इस तरह के आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने में पुरी तरह विफल है।







