बिहार की आवाज। संवाददाता। जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से दवा खरीदने के दौरान गायब हुई नाबालिग किशोरी को, प्राथमिकी दर्ज होने के मात्र एक सप्ताह के अंदर उजियारपुर थानाध्यक्ष अजित कुमार ने पंजाब से सकुशल बरामद कर लिया। जिसे स्वास्थ्य परीक्षण के बाद न्यायालय में उपस्थापित किया गया। जहां से न्यायालय के आदेश पर उक्त नाबालिग किशोरी को उसके माता-पिता के साथ भेज दिया गया।

आपको बता दें कि, उजियारपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले उक्त किशोरी के पिता ने मंगलवार 03 फरवरी को उजियारपुर थाना को आवेदन देकर बताया था कि, सोमवार 01 फरवरी को दिन के करीब 3 बजे, उनकी नाबालिग पुत्री, दवा लाने गांव के पास वाली चौक पर अपनी साईकिल से गयी थी, जो देर शाम तक अपने घर वापस नहीं आई।
जिसके बाद उन्होंने अपने स्तर से अपने रिश्तेदार आदि के यहां खोजबीन किया, लेकिन उनकी पुत्री का कुछ पता नहीं चला। इस दौरान किशोरी के पिता ने यह आशंका भी जाहिर किया था कि, उनकी नाबालिग पुत्री को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला फुसला कर गलत नियत से गायब कर दिया गया है।
जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष उजियारपुर अजीत कुमार के नेतृत्व में बनी टीम ने प्राथमिकी दर्ज होने के मात्र एक सप्ताह के अंदर मानवीय आसुचना व तकनीकी अनुसंधान के आधार पर, गायब नाबालिग किशोरी को पंजाब से सकुशल बरामद कर लिया।









