बिहार की आवाज। संवाददाता। जिले के दलसिंहसराय थाना अंतर्गत एनएच-88 से, दलसिंहसराय थाना में तैनात डायल नंबर 112 की टीम ने सड़क हादसे में घायल एक बाईक चालक युवक को 10 मिनट के अंदर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई है। घटना शनिवार 07 फरवरी की देर शाम करीब 8 बजे की है।

घायल बाईक सवार युवक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के पचपैका वार्ड 04 निवासी, अनिल कुमार शर्मा के 25 वर्षिय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में की गयी है। घायल युवक को देखकर ऐसा लगता है जैसे उसने शराब पी रखी है। उसे यह भी पता नही है कि, उसका एक्सीडेंट भी हुआ है।
वहीं घटना के संबंध डायल नंबर 112 पर तैनात सहायक पुलिस अवर निरीक्षक दिनेश कुमार दास, पीटीसी मोहम्मद आजाद खान व चालक लालेन्द्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि, थाना क्षेत्र के एनएच-88 स्थित डॉक्टर राजेश कुमार के क्लिनिक के पास, एनएच किनारे एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ था, तथा उसकी बाईक पुरी तरह चकनाचूर हो चुकी थी।
जिसके बाद तत्काल उनलोगों ने मिलकर घायल युवक को डायल नंबर 112 की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल दलसिंहसराय पहुंचाकर, घायल युवक के ही मोबाइल से उसके परिजनों को सुचना दे दी गयी है। सुचना मिलने के बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।
आपको बता दें कि, दलसिंहसराय डायल नंबर 112 पर तैनात पुलिस कर्मियों ने, जिस तरह साहस का परिचय देते हुए मात्र 10 मिनट के अंदर उक्त घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, वह काबिलेतारीफ है।










