
समस्तीपुर। आगामी छठ पर्व की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने, सोमवार 2 नवम्बर को सरायरंजन प्रखंड की खजुरी पंचायत में निर्माणाधीन पोखर एवं छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए, संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने छठ पर्व से पहले सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने भी निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम पूरा कराने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि, लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान, व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इसलिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाए।







