समस्तीपुर। बंगरा थानाध्यक्ष पंचम कुमार ने बंगरा थाने की ईतिहास में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए, थाना क्षेत्र के डीह सरसौना गांव में, अवैध रूप से संचालित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। इस दौरान बंगरा थाने की पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है, जबकि मुख्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

बंगरा थानाध्यक्ष पंचम कुमार ने मौके से भारी मात्रा में पूर्ण निर्मित व अर्द्धनिर्मित पिस्टल, मैगजीन सहित निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जाने वाला अन्य सामान भी बरामद किया है। इस दौरान मौके से निर्माण कार्य में लगे दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान, बंगरा थाना क्षेत्र के डीह सरसौना गांव निवासी, दीपक कुमार व भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नई सीढ़ीघाट निवासी, राजेश चौधरी के रूप में की गयी है।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे, बंगरा थानाध्यक्ष पंचम कुमार को गुप्त सूचना मिली कि, डीह सरसौना गांव निवासी बबलु कुमार के घर में अवैध हथियारों का निर्माण कार्य चल रहा है, तथा उसकी खरीद बिक्री भी कर रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने इसकी जानकारी वरीय पदाधिकारी को देते हुए, सुचित स्थल पर छापामारी करने पहुंच गए।
जहां छापेमारी के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, हालांकि इस रैकेट का मुख्य सरगना बबलु कुमार मौके से फरार हो गया। छापामारी के दौरान बंगरा पुलिस ने मौके से 2 देशी पिस्टल, 1 अर्द्धनिर्मित पिस्टल, 6 मैगजीन, 1 जिंदा गोली के अलावा लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, विभिन्न प्रकार के डाई, रेती, छेनी, आरी, पिलास, स्प्रिंग समेत हथियार बनाने के कई अन्य औजार भी बरामद किया है।
इस उपलब्धि को हासिल करने वाली छापामारी टीम में बंगरा थानाध्यक्ष पंचम कुमार, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक धर्मवीर कुमार, पंकज कुमार सहित अन्य शस्त्र बल शामिल रहे।







