ब्रेकिंग: लोको पायलट प्रमोद कुमार सहनी की हत्या के 24 घंटा बाद भी समस्तीपुर पुलिस के हाथ खाली! लगातार होती हत्या से ईलाके में दहशत का माहौल लोग खौफजदा! जिला में कहीं नही दिख रहा खाकी का खौफ

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर/ताजपुर: ताजपुर थाना क्षेत्र के गुनाई बसही निवासी राजेन्द्र सहनी के लोको पायलट पुत्र प्रमोद सहनी की हत्या के 24 घंटे बाद भी समस्तीपुर पुलिस के हाथ हैं खाली नजर आ रहे हैं। अब तक समस्तीपुर पुलिस के हाथ कोई ऐसा ठोस सुराग हाथ नही लगा है, जिससे सहारे वह अपराधियों के गिरबां तक पहुंच सके। आपको बता दें कि, समस्तीपुर रेल मंडल में लोको पायलट के पद पर कार्यरत प्रमोद कुमार सहनी, ड्यूटी के बाद गुरूवार 02 अप्रैल की देर रात 10 बजे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दर्जनिया पुल से आगे पेट्रोल पंप के पास अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।

आपको बता दें कि, विगत दो माह पुर्व उक्त घटनास्थल के आसपास ही पेशे से अधिवक्ता व निजि शिक्षक, गणेश सहनी की अपराधियों ने गोलियों की बरसात कर कर हत्या कर दी थी। लोको पायलट प्रमोद कुमार सहनी की हुई हत्या के बाद स्थानीय सुत्रों का बताना है कि, मृतक लोको पायलट प्रमोद कुमार सहनी, मृतक गणेश सहनी के रिश्तेदार थे। जिसके कारण वह मृतक गणेश सहनी की हत्या के बाद, उनके परिजनों को प्रशासनिक स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने में उनका सहयोग कर रहे थे।

जिसके कारण गणेश सहनी के हत्या में शामिल बदमाश भू-माफियाओं ने मृतक लोको पायलट प्रमोद सहनी को, गणेश सहनी के परिवार को प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने से मना कर रहे थे, लेकिन मना करने के बाबजूद मृतक प्रमोद कुमार सहनी उन धमकियों को दरकिनार कर, मृतक गणेश सहनी के परिजनों को प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराते रहे। इसलिए स्थानीय लोगों को आशंका है कि, इसी कारण बदमाशों ने लोको पायलट प्रमोद की हत्या कर दी।

वहीं कुछ अन्य सुत्रों का बताना है कि, विगत कुछ माह पुर्व ही मृतक ने गांव में ही 8 कट्ठा जमीन रजिस्ट्री करवाया था। जिसके कारण खरीदे गये जमीन के बगल वाले जमीन मालिक जो मृतक के पट्टीदार बताए जा रहे हैं, के साथ कुछ अनबन हो गयी थी, क्यों कि मृतक के पट्टीदार का जमीन पहले से वहां पर था, और वह भी मृतक प्रमोद सहनी के द्वारा खरीदे गए जमीन को रजिस्ट्री कराना चाहते थे।

इसलिए यह भी आशंका जतायी जा रही है कि, कहीं इसी प्रतिशोध में तो उस व्यक्ति ने प्रमोद की हत्या तो नही कर दी। हालांकि स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि, जिस जमीन के कारण हत्या की अफवाह उड़ायी जा रही है, वह व्यक्ति मृतक का पट्टीदार है, और वह इतना निर्दयी भी नही है कि, वह इतनी छोटी सी बात के लिए अपने ही खुन का खुन बहाएगा! क्यों कि घटना के बाद शव बरामद होने से लेकर, शव को पोस्टमार्टम तक भेजने के दौरान वह व्यक्ति घटनास्थल पर ही मौजूद था। इतनी छोटी सी बात के लिए वह हत्या जैसा जघन्य अपराध नही कर सकता है, क्योंकि उसके पास जमीन की कोई कमी भी नही है।

वहीं एक स्थानीय सूत्र का बताना है कि, एक स्थानीय सफेदपोश के पाले हुए गुंडे जो जमीन खरीद फरोख्त का काम करता है, उस भू-माफिया की भी नजर भी प्रमोद कुमार सहनी पर थी। क्यों कि मृतक लोको पायलट प्रमोद कुमार सहनी फोरलेन के आसपास भी जमीन का एक टुकड़ा खरीदने वाला था। जिसके लिए उसने किसी जमीन मालिक को कुछ पैसे एडवांस भी कर रखे थे। जिसकी जानकारी स्थानीय भू-माफिया जो उक्त सफेदपोश के संरक्षण में काम करता है, को हो गयी।

जिसके बाद उसने मृतक प्रमोद से मिलकर उंचे दाम पर जमीन खरीदने, फोरलेन वाली सड़क में जमीन खरीदने, जिस रास्ते मे प्रमोद कुमार सहनी की हत्या हुई है उस सड़क में जमीन खरीदने तथा गांव के सड़क किनारे वाली जमीन को खरीदने से मना किया था। इसलिए आशंका यह भी जतायी जा रही है कि, उक्त भू-माफिया ने ही इस घटना को अंजाम तो नही दे दिया ? वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने पहचान उजागर नही करने के शर्त पर बताया कि, यह पुरी घटना समस्तीपुर पुलिस के कारण इस क्षेत्र में हो रही है।

अगर समस्तीपुर एसपी गणेश सहनी हत्याकांड के सभी आरोपित व गिरफ्तार किए गए अपराधी के द्वारा बताए गए व्यक्ति की गिरफ्तारी कर ली जाती तो, आज प्रमोद सहनी जिंदा होते। स्थानीय लोगों ने यह भी आशंका जताया कि, जिस तरह के हालात इस क्षेत्र में बना हूआ है! आने वाले दिनों में इस तरह की और भी हत्याएं हो सकती है। स्थानीय ग्रामीणों का यह भी कहना था कि, विगत कुछ माह में भू-माफियाओं ने, अंधाधुंध आपराधिक वारदात को अंजाम देते हुए मौत का तांडव किया है, लेकिन समस्तीपुर पुलिस भू-माफियाओं के खिलाफ कुछ भी एक्शन नही लेती है।

जिसका नतीजा है कि, जिला में लगातार भू-माफियाओं का तांडव नृत्य जारी रहता है। हालांकि पुलिस सुत्रों का बताना है कि, मृतक प्रमोद कुमार सहनी के परिजन द्वारा कुछ जरूरी जानकारी उपलब्ध करायी गयी है। जिस पर पुलिस टीम काम कर रही है। बहूत जल्द घटना मे शामिल सभी अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *