समस्तीपुर: ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) जिला कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार 30 मई को पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आइसा जिला अध्यक्ष लोकेश राज ने किया। आयोजित इस बैठक में छात्रों एवं युवाओं से जुड़े विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करते हुए आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय की गई।
इस बैठक में यह निर्णय लिया गया कि, सीबीसीएस (CBCS) प्रणाली के तहत स्नातक छात्रों से इंटर्नशिप के नाम पर की जा रही कथित आर्थिक वसूली के खिलाफ जिले भर में व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा, साथ ही देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों, TRE-4 अभ्यर्थियों पर दमनात्मक कार्रवाई तथा छात्र-युवाओं के साथ हो रहे अन्याय और अपमान के विरुद्ध भी जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में लगातार बढ़ रही समस्याओं के कारण छात्र-युवा वर्ग गंभीर संकट का सामना कर रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। ऐसे में संगठित संघर्ष की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्यव्यापी अभियान के तहत 1 जून से 10 जून तक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। पूरे बिहार में एक लाख तथा समस्तीपुर जिले में 10 हजार हस्ताक्षर एकत्र करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान जिले के सभी कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, चौक-चौराहों, मोहल्लों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर छात्र-युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों से संपर्क कर हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे।
अभियान के माध्यम से एकत्रित हस्ताक्षरों को महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन के साथ भेजा जाएगा, जिसमें शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक तथा युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई जाएगी।
बैठक में आम लोगों से भी अपील की गई कि वह शिक्षा और रोजगार बचाने की इस लड़ाई में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
बैठक में आइसा जिला उपाध्यक्ष दीपक यदुवंशी, अनिल कुमार, सह सचिव जितेंद्र साहनी, मो. फरमान, कार्यालय सचिव राजू झा, कार्यालय सह सचिव नीतीश राणा तथा जिला कमिटी सदस्य मो. फैयाज सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









