बेलारी पंचायत में जन-जागरूकता शिविर आयोजित, ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

उजियारपुर। प्रखंड क्षेत्र की बेलारी पंचायत में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर एक जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं को रखा तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

शिविर में समाजसेवी सुशांत कुमार सिंह एवं पत्रकार-समाजसेवी सुदर्शन कुमार ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की जानकारी पहुंचाना था, जिनका नाम किसी कारणवश आवास योजना की सूची में शामिल नहीं हो सका है।

वक्ताओं ने उपस्थित लोगों को बताया कि पात्र लाभुक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं तथा सरकार द्वारा कछ कराई जा रही सहायता से अपना पक्का मकान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसके लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम में लगभग 150 ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने आवास योजना, शौचालय निर्माण, नल-जल योजना, पेयजल आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को खुलकर सामने रखा। ग्रामीणों ने संबंधित विभागों एवं प्रशासन से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

समाजसेवियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की सही जानकारी नहीं पहुंच पाने के कारण कई पात्र लोग लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को उनके अधिकारों एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार लाभान्वित हो सकें।

उन्होंने उम्मीद जताई कि उजियारपुर प्रखंड प्रशासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारी ग्रामीणों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने में पंचायत की महिला नेत्री रीता निषाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *