समस्तीपुर। इस वक्त की बड़ी खबर समस्तीपुर से सामने आ रही है। जहां मंडल कारा में बंद एक कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद, सदर अस्पताल समस्तीपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद सदर अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। जिसके कारण सदर अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हंगामें की सुचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सदर अस्पताल समस्तीपुर पहुंच स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।
मृतक की पहचान हलई थाना क्षेत्र के वाजितपुर करनैल गांव निवासी, सुधीर कुमार महतो के रूप में की गयी है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सुधीर महतो को पटोरी उत्पाद विभाग की पुलिस ने, रविवार 31 मई को शराब से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसका मेडिकल जांच कराया गया, तथा न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में समस्तीपुर मंडल कारा भेज दिया गया था।
जहां मंडल कारा में ही अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद जेल प्रशासन ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर में भर्ती कराया। जहां सदर अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा तत्काल उसका उपचार शुरू किया गया, हालांकि इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
उधर सुधीर महतो की मौत की सूचना जैसे ही उसके परिजनों को मिली, बड़ी संख्या में मृतक के परिजन एवं ग्रामीण सदर अस्पताल समस्तीपुर पहुंच गए, तथा हंगामे करने लगे। स्थिति को तनावपूर्ण होता देख, नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और, हंगामा कर रहे लोगों को काफी मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर शांत कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं मृतक के परिजनों ने उत्पाद विभाग पटोरी के पुलिस पदाधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा है कि, उत्पाद पुलिस ने मृतक के पास से बरामद शराब की मात्रा को कम मात्रा दिखाने के नाम पर अवैध राशि की वसुली करते हुए कहा था कि, बरामदगी में कम शराब दिखाते हुए आरोपी सुधीर महतो को छोड़ दिया जाएगा, लेकिन पुलिस ने पैसा भी ले लिया और थाना से छोड़ा भी नही। उल्टे उत्पाद पुलिस ने उसकी जमकर पिटाई कर दी, और जेल भेज दिया। उधर जेल में भी उसकी पिटाई कर दी गयी, जिससे जेल में ही उसकी तबीयत खराब हो गयी, और अस्पताल लाने पर ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। हालांकि इस संबंध में पटोरी उत्पाद पुलिस व जेल प्रशासन की ओर से कोई अधिकारिक बयान नही आया है।
हालाँकि मामले से संबंधित अधिकारियों का बताना है कि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा तो, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इधर घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर जा टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर कैदी की मौत किन परिस्थितियों में हुई है।








