समस्तीपुर: विद्यापतिनगर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री बालेश्वर स्थान (विद्यापतिधाम) मंदिर के श्रावणी मेले को राजकीय मेले का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर मंदिर न्यास समिति एवं सामाजिक प्रतिनिधियों का एक शिष्टमंडल बुधवार को पटना में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए विद्यापतिधाम की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से अवगत कराया।

शिष्टमंडल ने बताया कि विद्यापतिधाम को मिथिलांचल का देवघर माना जाता है, जहां श्रावण मास में लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। राजकीय मेला घोषित होने पर पेयजल, शौचालय, चिकित्सा शिविर, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग एवं कांवड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उपमुख्यमंत्री ने मांग को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित स्तर पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।







