अरविन्द कुमार व नसीब लाल झा/समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले की पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से 2 लाख के ईनामी व जिले के कुख्यात अपराधी को, बेंगलूरू से गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। गिरफ्तार कुख्यात अपराधी की पहचान, नगर थाना क्षेत्र के बंगाली टोला शेखटोली निवासी, मोहम्मद चांद के रूप में की गयी है। उक्त जानकारी एसडीपीओ सदर संजय कुमार पांडेय ने कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में दिया।

प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि, गिरफ्तार कुख्यात ईनामी अपराधी मोहम्मद चांद के खिलाफ, जिला के मुफ्फसिल थाना में करीब आधा दर्जन हत्या, डकैती व आर्म्स एक्ट सहित कई काण्ड दर्ज है। गिरफ्तार अपराधकर्मी मोहम्मद चांद समस्तीपुर जिला के टॉप-10 अपराधकर्मियों की सूची में प्रथम स्थान पर था, जो विगत कई महीनों से अपना नाम व पता बदलकर दूसरे राज्यों में रह रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए समस्तीपुर पुलिस कई दिनों से प्रयासरत थी, और अंततः काफी प्रयास के बाद उनकी समस्तीपुर पुलिस एवं एसटीएफ ने अपने संयुक्त प्रयास से, कर्नाटक के बेंगलूरू से मोहम्मद चांद को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ श्री पांडेय ने यह भी बताया कि, गिरफ्तार अपराधकर्मी मोहम्मद चांद के विरूद्ध जिले के मुफ्फसिल थाने के अलावे, दूसरे जिलों में भी कई गंभीर अपराधिक मामले दर्ज है जिसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल तो चांद की गिरफ्तारी से जिले की पुलिस ने राहत की सांस ली है।








