अनिल कुमार/कल्याणपुर:[समस्तीपुर] कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव के पास, समस्तीपुर दरभंगा पथ पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर, एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गयी। मृत महिला की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत स्थित बिरसिंहपुर वार्ड 11 निवासी, स्वर्गीय राम सकल राम की 58 वर्षिया पत्नी सुदामा देवी के रूप में की गई है। मृतक के परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना कल्याणपुर पुलिस को दिया। सूचना मिलने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने, मृत बुजुर्ग महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर, मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार करने के बाद, पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज, मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार 26 मई की देर रात करीब 3 बजे, मृतका शौच करने के लिए घर से बाहर सड़क किनारे गई थी। जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। जिसे तत्काल ईलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कल्याणपुर में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो जाने की बात सामने आयी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन का इंतजार किया जा रहा है आवेदन मिलने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।







