अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा:( समस्तीपुर) जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय गेट के सामने, भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने, गुरूवार 19 दिसम्बर को संयुक्त रूप से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा भीमराव अंबेडकर के खिलाफ दिए गए बयान को लेकर विरोध मार्च निकाला व समाहरणालय के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया।

मौके पर मौजूद भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र राम ने बताया कि, देश का सबसे सर्वोच्च स्थान माने जाने वाला संसद भवन में संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के खिलाफ, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा दिया गया बयान काफी निराशाजनक व खेदपूर्ण है।
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, केन्द्रीय गृह मंत्री संसद के अंदर बैठने योग्य व्यक्ति नही हैं। इसलिए उन्हें संसद भवन से बाहर रखा जाए। वहीं आजाद समाज पार्टी के जिला कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित साह के द्वारा बाबा साहेब के खिलाफ दिया गया बयान काफी निंदनीय है।
इसलिए अमित शाह को चाहिए कि वह अपने इस कृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। इस दौरान आजाद समाज पार्टी के जिला कार्यकारी अध्यक्ष ने यह भी बताया कि, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संविधान पर चर्चा करते हुए, बाबा साहेब अंबेडकर के बारे में यह टिप्पणी की थी कि, मान्यवर अभी एक फैशन हो गया है!
अंबेडकर, अंबेडकर, अंबेडकर, अंबेडकर, अंबेडकर। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो, सात जन्मों तक स्वर्ग मिलता। जिसके कारण विपक्षी दलों के साथ साथ आमलोगों में भी गुस्सा है। इस संबंध में कांग्रेस नेता खड़गे का बताना है कि, इस तरह के भाषा का इस्तेमाल काफी खेदजनक है।
वहीं केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह का कहना है कि, उनके बयान को काफी तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी संसद भवन के बाहर और संसद भवन के अंदर जो भी लीगल कार्रवाई संभव होगी की जाएगी। सभा के अंत में भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी के पांच सदस्यीय टीम ने जिलाधिकारी से मिलकर उन्हें राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा।







