समस्तीपुर। जिले के दलसिंहसराय थाना अंतर्गत पगड़ा चौक के पास स्थित एक बगीचा से, स्वर्ण व्यवसायी के यहां लूट की योजना बनाते कुल 05 बदमाशों को दलसिंहसराय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, तथा पांच बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। गिरफ्तार बदमाशों की जब तलाशी ली गयी तो, सभी बदमाशों के पास से कुल 03 पिस्टल व 09 जिंदा कारतूस, 07 मोबाइल फोन बरामद किया गया, तथा इस घटना को अंजाम देने के निमित्त उपयोग किया जाने वाला एक स्विफ्ट कार भी जब्त किया गया है।

गिरफ्तार सभी बदमाशों से आवश्यक पुछताछ के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की तैयारी की जा रही है। उक्त जानकारी एसडीपीओ दलसिंहसराय विवेक कुमार शर्मा ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में दिया।
प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसडीपीओ दलसिंहसराय विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि, बुधवार 04 नवम्बर की देर शाम दलसिंहसराय थानाध्यक्ष को सुचना मिली कि, थाना क्षेत्र के पगड़ा चौक के पास स्थित एक आम के बगीचा में, कुछ अपराधकर्मी किसी बड़ी अपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए जुटे हुए हैं। सुचना मिलते ही उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन कर सूचित स्थल पर जब छापामारी की गयी तो, उक्त बगीचा के पास से एक लाल रंग का बिना रजिस्ट्रेशन नम्बर का मारूति स्विफ्ट कार को कब्जे में लिया गया।
जब उक्त कार का दरवाजा खोला गया तो, उसमें 05 युवक बैठे हुए थे। जिसे उन्होंने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लेने के बाद जब सभी युवकों की तलाशी ली गयी तो, उनके पास से 03 पिस्टल, 09 जिंदा कारतूस, 07 मोबाइल फोन व इस घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से इस्तेमाल की गयी कार भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार सभी बदमाशों की पहचान हलई थाना क्षेत्र के महमदपुर वार्ड 14 निवासी, अशोक सहनी के पुत्र रमेश सहनी, दरभंगा जिला के मोरो थाना अंतर्गत मोरो गांव वार्ड 14 निवासी, रणधीर चौधरी के पुत्र कैश कुमार उर्फ राजा चौधरी, लहेरियासराय थाना अंतर्गत सैदनगर गांव निवासी, राजेन्द्र यादव के पुत्र अमित कुमार यादव उर्फ सलमान, दरभंगा जिला के ही बहेरी थाना अंतर्गत दुबोली ठाठोपुर गांव निवासी, स्वर्गीय नरेश कुमार के पुत्र रितुराज तथा समस्तीपुर जिला के विद्यापतिनगर थाना अंतर्गत खनुआं वार्ड 11 निवासी, स्वर्गीय राम विलास सिंह के पुत्र टोनीकांत भारती के रूप में की गयी है।
वहीं मौके से फरार होने वाले बदमाश युवकों की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के लदौरा गांव निवासी, उपेन्द्र महतो के पुत्र कमलेश महतो व चकमेहसी थाना क्षेत्र के रमई टोला निवासी, सुनील राय के पुत्र दीपक कुमार, मुजफ्फरपुर जिला के बहुराज थाना अंतर्गत मानिकपुर गांव निवासी, ललन ठाकुर के पुत्र उज्जवल ठाकुर उर्फ कट्टा तथा ताजपुर थाना क्षेत्र के चकसिकन्दर गांव निवासी, ब्रह्मदयाल सहनी के पुत्र राहुल चौधरी उर्फ राहुल सहनी उर्फ बाबा के रूप में की गयी है। अंधेरे का फायदा उठाकर भागने वाले उपरोक्त सभी बदमाशों ने भागने के क्रम में हवाई फायरिंग भी किया है।
फिरार सभी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ताबड़तोड़ छापामारी करने में भी जुटी हुई है। एसडीपीओ श्री शर्मा ने यह भी बताया कि, गिरफ्तार सभी पांच अपराधियों ने पुछताछ के कम यह भी बताया गया है कि, वह लोग दलसिंहसराय बाजार में पुल के पास एक स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में हथियार के बल पर लूटपाट करने की योजना बनाने के लिये एकत्रित हुए थे।
जिसकी रेकी वह पुर्व में ही कर चुके थे। गिरफ्तार किए गए अपराधी व हवाई फायरिंग करते हुये फिरार अपराधियों के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता-2023 एवं शस्त्र अधिनियम के सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
उक्त बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए बनी छापामारी टीम में दलसिंहसराय थानाध्यक्ष ईरशाद आलम, अपर थानाध्यक्ष संतोष कुमार, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कश्यप, पीटीसी प्रणय कुमार सिंह, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक पिन्टू सिंह समेत अन्य पुलिस के जवान शामिल थे।








