समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना अंतर्गत चाँदचौर मध्य गांव में शंकर चौक के पास एनएच-28 को पार कर रहे अधेड़ व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने बुरी तरह कुचल दिया। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। घटना रविवार 16 नवम्बर की शाम करीब 7 बजे की बतायी जा रही है।

इस घटना से आक्रोशित लोगों ने मृतक के शव को घटनास्थल पर ही रखकर सड़क जाम कर दिया, तथा मुआवजे की मांग करने लगे। उधर सड़क जाम की सुचना मिलने के तुरंत बाद मौके पर पहुंची उजियारपुर पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, तथा उजियारपुर बीडीओ ने मृतक के परिजन को पारिवारिक लाभ योजना के तहत दिए जाने वाले 20 हजार का चेक तत्काल उपलब्ध कराया।
जिसके बाद परिजनों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। जिसके बाद करीब 1 घंटा बाद एनएच-28 पर यातायात बहाल किया जा सका। उधर उजियारपुर पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।
मृतक अधेड़ की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के मालती शेखटोली वार्ड 10 निवासी मोहम्मद जमालुद्दीन के पुत्र मोहम्मद दुलारे उर्फ मोहम्मद मोती के रूप में की गयी है। घटना के संबंध में मृतक की बहन नुजहत परवीन का बताना है कि, मृतक उनके घर चांदचौर पुर्वी में रहता था, तथा चाँदचौर मध्य पंचायत में किसी किसान के खेतों में मजदुरी करके अपना भरण-पोषण करत् था।
घटना के वक्त उनका भाई मृतक मोहम्मद दुलारे उर्फ मोहम्मद मोती सातनपुर चौक से ऑटो लेकर शंकर चौक पर आया, तथा ऑटो से उतरकर एनएच- 28 को पार कर रहा था।
इसी दौरान किसी अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसे रौंद दिया, तथा भाग निकला। इस घटना में उनके भाई की मौत हो गयी। वहीं चाँदचौर मध्य पंचायत के मुखिया प्रतिनिधी सह उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय विधायक प्रत्याशी रणवीर चौरसिया ने बताया कि, देर शाम को सड़क हादसे में मालती गाँव के एक व्यक्ति की मौत हो गयी है।
मौके पर उजियारपुर पुलिस पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम में भेजने की तैयारी में जुट गयी है। उजियारपुर बीडीओ के द्वारा मृतक की बहन को पारिवारिक लाभ योजना की मुआवजा राशि उपलब्ध करा दी गयी है।
मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों का बताना है कि, सड़क हादसे में एक व्यक्ति के मौत की सुचना मिली है। मृतक के परिजनों को तत्काल पारिवारिक लाभ योजना की राशि उपलब्ध करा दी गयी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना में शामिल वाहन का पता लगाते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। वहीं स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का बताना है कि, उक्त व्यक्ति को एक एंबुलेंस ने धक्का मारा है। जिसमें अधेड़ की मौत हो गयी है।







