समस्तीपुर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी लिबरेशन ने, बुधवार 22 अप्रैल को अपना 58वां स्थापना दिवस पूरे बिहार सहित देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया। यह अवसर विश्व सर्वहारा के महान नेता व्लादिमीर लेनिन के जन्मदिवस के साथ भी जुड़ा रहा।

समस्तीपुर स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पार्टी के जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार ने झंडोत्तोलन किया, तथा केंद्रीय कमिटी द्वारा जारी 22 अप्रैल के आह्वान पत्र का पाठ किया गया।
अपने संबोधन में जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार ने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस ऐसे समय में मनाया जा रहा है, जब दुनिया वैश्विक उथल-पुथल और गंभीर आर्थिक चुनौतियों से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की विदेश नीति के कारण देश को अंतरराष्ट्रीय संघर्षों की भारी कीमत चुकानी पड़ रही है, जिसका सीधा असर मजदूरों, प्रवासी कामगारों और आम जनता पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई, ईंधन और खाद संकट तथा श्रम नीतियों में बदलाव के खिलाफ जनता में व्यापक असंतोष है। मजदूर वर्ग नई श्रम संहिताओं के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहा है, जबकि किसान समुदाय संभावित व्यापारिक समझौतों के विरोध में संघर्ष की तैयारी कर रहा है।
वहीं कॉमरेड ललन कुमार ने मनरेगा जैसी योजनाओं को कमजोर किए जाने, और शिक्षा क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर चिंता जताई। उन्होंने सामाजिक न्याय के मुद्दों को फिर से केंद्र में लाने की जरूरत बताते हुए कहा कि, आने वाला समय सामाजिक आंदोलनों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने 1927 के महाड़ सत्याग्रह और मनुस्मृति दहन की 100वीं वर्षगांठ तथा समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की जयंती के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने देश को सही मायनों में संप्रभु, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। साथ ही महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने और इस मुद्दे पर भाजपा द्वारा कथित भ्रामक प्रचार बंद करने की मांग उठाई गई।
अंत में पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कॉमरेड ललन कुमार, कॉमरेड दिनेश कुमार, कॉमरेड अनिल कुमार, कॉमरेड दीपक कुमार, आइसा के अग्रसेन आनंद, जुली कुमारी, नीतीश राणा, आरती कुमारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।







