समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में बीते दो माह में हुई चोरी, लूट और छिनतई की घटनाओं का उद्भेदन नही होना आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उजियारपुर थाना क्षेत्र का हाल ऐसा है कि, अब तक अधिकांश मामलों का न तो खुलासा हो सका है, और न ही चोरी गए सामान की बरामदगी हो पाई है। इससे लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।
दरवाजे से चोरी हुई स्प्लेंडर बाइक
थाना क्षेत्र के बेलारी वार्ड संख्या-04 निवासी ललन पोद्दार के दरवाजे पर लगी स्प्लेंडर बाइक 26 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन करीब एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस बाइक बरामद नहीं कर सकी है। वहीं चोरों की पहचान भी अब तक नहीं हो पाई है।
बैंड पार्टी कर्मी से हथियार के बल पर लूट
01 मई की अहले सुबह करीब 5 बजे बाइक सवार बदमाशों ने ऑर्केष्ट्रा बैंड पार्टी में काम करने वाले एक युवक को निशाना बनाया। बताया गया कि बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब 80 हजार रुपये मूल्य का वाद्य यंत्र (ऑक्टो पैड) लूट लिया। जबकि इस घटना के दो माह पुरे होने वाले हैं, बावजूद इस मामले का उजियारपुर पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है।
विद्यालय से लाखों की मिड डे मील सामग्री चोरी
उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में 24 अप्रैल की रात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये मूल्य की मिड डे मील सामग्री चोरी कर ली थी। विद्यालय प्रशासन द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन एक माह बाद भी चोरी गए सामान की बरामदगी नहीं हो सकी है।
सुनसान घर से लाखों के जेवरात और नकदी चोरी
27 अप्रैल को थाना क्षेत्र के चांदचौर बड़ई टोला निवासी छोटे लाल चौरसिया ने अपने घर में हुई बड़ी चोरी की जानकारी दी। पीड़ित के अनुसार, उनके सुनसान घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात, 62 हजार रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण तथा करीब पौने दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन अब तक मामले में कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।
युवती से सोने के आभूषण की छिनतई
21 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे उजियारपुर थाना क्षेत्र के जट्टाडीह चौक के पास बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक युवती को निशाना बनाया। बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने का जिउतिया और सोने का ढालना छीन लिया और फरार हो गए। इस घटना का भी आज तक खुलासा नहीं हो पाया है।
दुकान के सामने से ट्रैक्टर चोरी
जट्टाडीह चौक स्थित एक दुकान के सामने खड़ी ट्रैक्टर भी चोरों के निशाने पर आ गई। अज्ञात चोर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। पीड़ित द्वारा थाना में आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक ट्रैक्टर का कोई सुराग नहीं मिला है।
लगातार घटनाओं से लोगों में भय
लगातार हो रही चोरी, लूट और छिनतई की घटनाओं से उजियारपुर थाना क्षेत्र के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द सभी मामलों का खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।








