
समस्तीपुर। अखिल भारतीय किसान महासभा समस्तीपुर जिला कमिटी की बैठक शुक्रवार 07 जुलाई को, भाकपा माले जिला कार्यालय समस्तीपुर में जिलाध्यक्ष महावीर पोद्दार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का पर्यवेक्षण प्रो. उमेश कुमार ने किया, जबकि संचालन जिला सचिव ललन कुमार ने किया।
बैठक में संगठन के 5वें राष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। यह सम्मेलन 20-21 सितंबर 2026 को जालंधर (पंजाब) में “खेत-खेती-किसान बचाओ, कॉरपोरेट लूट की राज मिटाओ, अमेरिका के साथ कृषि व्यापार समझौता रद्द करो तथा किसानों की सभी फसलों पर C2+50% के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) लागू करो” जैसे प्रमुख नारों के साथ आयोजित होगा। निर्णय लिया गया कि समस्तीपुर जिले से 25 प्रतिनिधि राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन का चौथा समस्तीपुर जिला सम्मेलन 6 सितंबर को वारिसनगर में आयोजित किया जाएगा। इसके पूर्व सभी प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय सम्मेलन आयोजित कर संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई।
बैठक में आगामी आंदोलनों की रूपरेखा भी तय की गई। निर्णय के अनुसार 9 अगस्त को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत समस्तीपुर जिला मुख्यालय में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ प्रतिरोध मार्च निकालकर पुतला दहन किया जाएगा। वहीं 10 अगस्त को संयुक्त किसान मोर्चा एवं संयुक्त ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर जिला मुख्यालय में आंदोलन में भाग लेने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में नन्द किशोर यादव, ब्रह्मदेव सिंह, सुनील कुमार राय, मनोज कुमार सिंह, टिंकू यादव, राम बलि सिंह, राम गणेश राय, उमेश राय, सोने लाल पासवान सहित कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।







