अरविन्द कुमार/समस्तीपुर :[ बिहार की आवाज ] जिले के नगर थाना क्षेत्र से बीते 4 दिनों में रोजाना महिलाओं के गले से चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम देकर सनसनी मचाने वाले गिरोह का, नगर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक आनंद शंकर गौरव ने जानकारी इक्ट्ठा करते हुए जिले से लूटे गए चेन में से एक चेन व एक लाख रूपए नकदी बरामद करने में सफलता पायी है। यह सफलता उन्हें कटिहार पुलिस की मदद से मिली है। चेन व राशि की बरामदगी के बाद सुचना मिलने पर कटिहार पहुंचे नगर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार को, कटिहार पुलिस ने चेन व राशि सौंप दिया।

इस चेन स्नेचिंग मामले में पुलिस का दावा है कि, चेन स्नेचिंग के इस घटना को कोढ़ा गैंग ने अंजाम दिया है, जो मुख्य रूप से कटिहार में ही छिपकर रहता है। कोढ़ा गैंग पर शक होने के बाद से ही समस्तीपुर पुलिस कोढ़ा गैंग के बदमाशों की गिरफ्तारी व छीने गए चेन की बरामदगी के लिए कटिहार पुलिस के संपर्क में थी। जिसके बाद कटिहार पुलिस ने भी नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी आनंद शंकर गौरव की मौजूदगी में, जिला के तीन मामलों में छीने गए सामानों को बरामद कर समस्तीपुर पुलिस को सौंप दिया है। बिहार पुलिस के सोशल साइट्स पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नगर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार व एसआई आनंद शंकर गौरव कटिहार पुलिस से सकुशल सामान प्राप्त कर समस्तीपुर के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। आपको बता दें कि नगर थाना क्षेत्र में ताबड़तोड हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं के बाद, समस्तीपुर एसपी विनय तिवारी ने, कटिहार पुलिस से संपर्क कर इस मामले में मदद मांगी थी। जिसके बाद कटिहार पुलिस भी त्वरित कार्रवाई करते हुए, एक – एक चेन के बदले एक लाख रूपए व एक चेन बरामद कर नगर थानाध्यक्ष को सौंप दिया। उपरोक्त खबरें बिहार पुलिस के द्वारा सोशल साइट्स पर उपलब्ध करायी गयी जानकारी के आधार पर प्रकाशित की गयी है।







