समस्तीपुर। जिले में शुक्रवार 29 मई की अहले सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह के 9 बजे ही आसमान में घने काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिलने लगा है। समस्तीपुर सहित बिहार के कई जिलों में, तेज हवाओं के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने की प्रवल संभावना जतायी जा रही है। जिला के कई इलाकों में धूल भरी आंधी चलने लगी, जबकि बारिश और बज्रपात की आशंका को लेकर लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
मौसम विभाग ने समस्तीपुर समेत आसपास के जिलों के लिए अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है। खासकर खेतों में काम कर रहे किसानों, खुले मैदान में मौजूद लोगों तथा पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अचानक बदले मौसम के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई। कई जगहों पर दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दीं। वहीं तेज हवा चलने के कारण सड़कों पर आवागमन भी प्रभावित होता नजर आया। काले बादलों और तेज हवाओं के कारण लोगों को लगा मानो शाम हो चुकी हो।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों के दौरान जिले के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश के साथ वज्रपात हो सकता है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, मोबाइल फोन का उपयोग खुले स्थान पर नहीं करने तथा बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
प्रशासन की ओर से भी लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। यदि तेज बारिश या वज्रपात शुरू हो जाए तो तुरंत किसी सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक मौसम बदलने से गर्मी से जरूर राहत मिली है, लेकिन तेज आंधी और वज्रपात की आशंका को लेकर लोग चिंतित भी हैं। हालांकि मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।









