दलसिंहसराय में जारी है हत्याओं का दौर! मजदुर के कातिल का पता भी नही लगा पायी थी पुलिस, कि एक और मजदूर की हत्या से दलसिंहसराय में फैली सनसनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के केवटा पंचायत स्थित कागपुर गांव में, गुरुवार 28 मई की अहले सुबह सड़क किनारे से, एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर पूरे क्षेत्र में जंगल में आग की तरह फैल गई, और घटनास्थल पर हजारों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान कागपुर वार्ड संख्या 15 निवासी त्रिवेणी राय के 27 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार के रूप में की गई है। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद दलसिंहसराय पुलिस मौके पर पहुंच, शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज मामले की छानबीन में जुट गयी है।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार अजीत कुमार केवटा पंचायत स्थित “विजयंत एंड सन्स” नाम के पेट्रोल पंप पर नोजल मैन के रूप में कार्यरत था। रोजाना की तरह बुधवार 27 मई की रात करीब 9:55 बजे, वह पेट्रोल पंप से अपनी बाइक से घर के लिए निकला था, लेकिन पूरी रात वह घर नहीं पहुंचा। इस दौरान परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, मगर कोई पता नहीं चला। आज गुरुवार 28 मई की अहले सुबह उसका शव घर से कुछ दूरी पर चौड़ की ओर जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे पड़ा मिला।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक के चेहरे पर नाखून और जख्म के निशान पाए गए हैं। उसकी बाइक की डिक्की भी गायब बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक पांच भाइयों में सबसे छोटा था, लेकिन पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अजीत की शादी हुई थी। उसका एक वर्ष का पुत्र सत्यम है। घटना के बाद पत्नी कुमकुम देवी बेसुध हो गई है। मामले को लेकर डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व ही दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के कामरांव पंचायत में भी एक मजदूर का शव खेत से बरामद हुआ था, जिसमें हत्या की आशंका को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *