अरविन्द कुमार/उजियारपुर:[ समस्तीपुर ] उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी आलोक कुमार मेहता की हार के बाद, अब संगठन को चाहिए कि वह हार के कारणों का पता लगाए। उक्त बातें राजद जिला महासचिव मोहम्मद परवेज आलम ने कही। इस दौरान उन्होंने उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि, उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र के मतदाता भाईयों ने उनकी पार्टी का भरपुर समर्थन किया, लेकिन उसके बाद भी उनकी पार्टी को करारी शिकस्त मिली, आखिर कमी किस स्तर पर रह गयी थी।

इस दौरान राजद जिला महासचिव परवेज आलम ने कहा कि, संगठन के वरीय पदाधिकारी को प्रत्याशी के हार के कारण का पता लगाने के लिए समीक्षा बैठक करनी चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि, सम्पूर्ण लोकसभा क्षेत्र में महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी, आलोक कुमार मेहता के पक्ष में चुनावी लहर चल रही थी। उनका उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र से जीतना तय माना जा रहा था। लेकिन चुनाव परिणाम से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि राजद प्रत्याशी आलोक कुमार मेहता के प्रति एक गहरी साजिश रची गयी थी। अपनों ने भितरघात तो किया ही, जिला संगठन को दो भागों में विभक्त करना भी सही कदम नहीं था। जिला संगठन को दो भागों में बाटने से भी उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र में राजद का संगठन कमजोर हुआ है। जो पदधारक है उन्होंने भी अपने कर्त्तव्य का पालन सही ढ़ंग से नहीं किया। वहीं चुनाव के समय राजद के समर्पित कार्यकर्ता को, राजद प्रत्याशी के द्वारा उचित महत्व नहीं देने का खामियाजा भी हार के रूप में भुगतना पड़ा है। राजद महासचिव ने यह भी कहा कि पदधारकों के बूथों की भी समीक्षा किया जाना चाहिए, तथा दलाल व धोखेबाज किस्म के नेताओं पर कड़ी कार्रवाई किया जाना चाहिए। अन्यथा इसका दुष्प्रभाव आने वाले विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिल सकता है।







