बिहार की आवाज। संवाददाता। जिले के दलसिंहसराय थाना अंतर्गत विशनपुर दलसिंहसराय मुख्य पथ पर महनैया गांव तिमुहानी के पास, शुक्रवार 23 जनवरी की देर रात करीब 1 बजे, एक तेज गति गैस सिलेंडर लोड ट्रक सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।

वहीं घटना के बाद ट्रक चालक व उपचालक घटनास्थल पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को शनिवार 24 जनवरी की सुबह हुई। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सुचना दलसिंहसराय पुलिस को दिया। हालांकि पुलिस दोपहर के 1 बजे तक घटनास्थल पर नही पहुंची थी।
घटना के संबंध में एक स्थानीय व्यक्ति ने पहचान उजागर नही करने के शर्त पर बताया कि, जिस समय ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, वह शौच करने के लिए घर से बाहर निकले हुए थे। इसी दौरान एक ट्रक काफी तेज गति से आया और सड़क किनारे पेड़ से टकराकर रूक गयी। इसी दौरान दो बाईक पर सवार चार युवक भी घटनास्थल तक आया और ट्रक को दुर्घटनाग्रस्त देखकर उनकी तरफ देखते हुए घटनास्थल से फरार हो गया।
उक्त व्यक्ति ने आशंका जाहिर करते हुए बताया कि, संभव है कि, दोनों बाईक सवार चारों युवक उक्त ट्रक का किसी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से पीछा कर रहा था, लेकिन ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण छोड़कर लौट गया। इस संबंध में सुत्रों का बताना है कि, उक्त ट्रक उजियारपुर थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव स्थित एक गैस एजेंसी पर लोड सिलेंडर अनलोड करके खाली गैस सिलेंडर से भरा ट्रक लेकर राजगीर जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। वहीं संबंध में जानकारी के लिए जब दलसिंहसराय थानाध्यक्ष के सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क की गयी तो, उनका मोबाइल नंबर आउट ऑफ नेटवर्क कवरेज एरिया रहने के कारण उनका पक्ष नही जाना जा सका।








