उजियारपुर/समस्तीपुर: उजियारपुर थाना क्षेत्र के चाँदचौर मध्य पंचायत स्थित शंकर चौक एनएच-122 पर सोमवार 22 जून की अहले सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना उस वक्त हुई, जिस समय वह अपने नानी गांव रायपुर से अपने मौसी के घर विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के गढ़सिसई जा रहा था।

उधर घटना की सुचना मिलते ही मृतक के परिजन, रिश्तेदार व स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तथा मृतक के शव को शंकर चौक एनएच-122 पर रखकर एनएच जाम कर दिया। उधर घटना की सुचना मिलने के दो घंटा बाद मौके पर पहुंची उजियारपुर पुलिस व बीडीओ कार्यालय के नाजिर ने, सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, तथा मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।
मृतक की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रामपुर जलालपुर गांव निवासी शत्रुघ्न मालाकार के 22 वर्षिय पुत्र प्रिंस कुमार मालाकार के रूप में की गयी है। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक गाड़ी समेत भागने में सफल रहा।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतक प्रिंस कुमार उजियारपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित अपने नानी गांव में ही बचपन से रहता था। सोमवार 22 जून की अहले सुबह करीब 7 बजे, वह अपने मौसी के घर विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के गढ़सिसई गांव जा रहा था। अभी वह जैसे ही शंकर चौक के पास पहुंचा, इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, प्रिंस की मौत घटनास्थल पर हीं हो गयी।
उधर घटना की सुचना मिलते ही मृतक के रिश्तेदार व परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए, लेकिन घटना के दो घंटा बाद तक भी उजियारपुर पुलिस के घटनास्थल पर नही आने के कारण मृतक के परिजन व रिश्तेदार आक्रोशित हो गए, और शव को एनएच-122 शंकर चौक पर रखकर एनएच जाम कर दिया, तथा मृतक के परिजन को उचित मुआवजा तथा घटना में शामिल चार पहिया वाहन की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की मांग करने लगे। एनएच जाम के कारण एनएच-122 के दोनों तरफ चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गयी।
हालांकि घटना की सुचना मिलने के दो घंटा बाद घटनास्थल पर पहुंची उजियारपुर पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद एनएच जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। वहीं घटना के संबंध में थानाध्यक्ष उजियारपुर अजीत कुमार का बताना है कि, सड़क हादसे में एक युवक की मौत की सुचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर गयी है। शव को पोस्टमार्टम में भेजा जा रहा है। परिजन के द्वारा अभी आवेदन नही मिला है। आवेदन मिलने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।









