अरविन्द कुमार/अमित कुमार: (उजियारपुर) जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत भगवानपुर देसुआ पंचायत स्थित, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक शाखा देसुआ के शाखा प्रबंधक के द्वारा बैंक को भ्रष्टाचार का अड्डा बना देने, कमीशनखोरी को बढावा देने आदि के विरोध में, भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने गुरुवार 19 सितम्बर को दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक शाखा देसुआ के शाखा प्रबंधक के खिलाफ विशाल प्रतिरोध मार्च निकाला।

भगवानपुर देसुआ पंचायत के महावीर चौक से निकली यह प्रतिरोध मार्च विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक शाखा भगवानपुर देसुआ पहुंच कर प्रतिरोध सभा में तब्दील हो गया।

फुलेन्द्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बैंक परिसर में आयोजित इस प्रतिरोध सभा को संबोधित करते हुए, भाकपा माले जिला स्थाई समिति सदस्य महावीर पोद्दार ने कहा कि, यह बैंक भ्रष्टाचार और कमिशनखोरी का अड्डा बन गया है। वित्तीय वर्ष 2013 एवं 2017 में प्रेमा देवी, उद्दन मांझी, लक्खी देवी, योगेन्द्र मांझी, पूजा देवी, शकुंतला देवी, रमिया देवी, रामदेव मांझी, शंकर मांझी, मुनिया देवी, शोभा देवी, नेंगर मांझी, बलेश्वरी देवी, गोलकी देवी सहित अन्य लोगों के नाम ऋण आवंटन कर दिया गया, किन्तु इन लोगों को ऋण की राशि प्राप्त नहीं हुयी।
उन्होंने यह भी बताया कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक और दलाल माफिया के गठजोड़ ने, ऋण की राशि का गबन कर लिया है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। इस दौरान भाकपा माले नेता महावीर पोद्दार ने यह भी कहा कि, भ्रष्ट, तानाशाह और लोकतंत्र विरोधी शाखा प्रबंधक ने, आन्दोलनकारियों के मांगो पर वार्ता करना भी उचित नहीं समझा।
जिससे आक्रोशित आन्दोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर, बैंक परिसर में 15 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन अनशन करने की घोषणा किया है।
सभा को प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान, तनंजय प्रकाश, विजय राम, रामकृपाल राय, मोहम्मद उस्मान, राम सगुण सिंह, सुशील सावन, मोहम्मद अलाउद्दीन, भीम सहनी, निर्धन शर्मा, राम प्रीत सहनी, श्याम नारायण चौरसिया, मोहम्मद मुस्तफा, अमरनाथ गोस्वामी, राम सोगारथ पंडित सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।







