अरविन्द कुमार/अमित कुमार:(समस्तीपुर) समस्तीपुर पुलिस ने डीआईयु टीम की मदद से एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए, विगत कुछ महीनों से समस्तीपुर के लिए सिरदर्द बन चुके अन्तर्जिला वाहन लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए, इस लुटेरा गिरोह के 04 बदमाशों को गिरफ्तार करने सफलता पायी है।

गिरफ्तार बदमाशों के पास से 01 देशी कट्टा, 01 देशी पिस्तौल, 05 जिंदा कारतूस, 06 मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त 01 कार बरामद किया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सीमावर्ती वैशाली जिला के भगवानपुर थाना अंतर्गत सहथा गांव के वार्ड 02 निवासी, शिवजी सहनी के पुत्र अरविन्द सहनी, वैशाली जिला के ही काजीपुर थाना अंतर्गत दौलतपुर चांदी गांव निवासी, रामकिशुन महतो के पुत्र नागेन्द्र महतो, मुजफ्फरपुर जिला के सरैया थाना अंतर्गत मुंगौली गांव के वार्ड संख्या -03 निवासी स्वर्गीय शिवनंदन राय के पुत्र मनिष कुमार उर्फ मुंशी तथा मुजफ्फरपुर जिला के ही तुर्की थाना अंतर्गत तुर्की चैनपुर वार्ड 09 निवासी, सुरेश राम के पुत्र मंजीत कुमार के रूप में की गयी है।
उक्त जानकारी एएसपी सह एसडीपीओ सदर वन संजय कुमार पांडेय ने दिया। बुधवार 25 सितम्बर को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि, बुधवार 25 सितम्बर की देर रात को, सरायरंजन थानाध्यक्ष को यह सुचना मिली कि, सरायरंजन थाना अंतर्गत छज्जा चौक के पास अपराधियों का एक गिरोह, किसी बड़े अपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से इक्ट्ठा हो रहा है।
सुचना मिलते ही सरायरंजन थानाध्यक्ष सदल बल मौके पर पहुंच, छज्जा चौक की चारों तरफ से घेराबंदी करते हुए होण्डा कार में बैठे 04 बदमाशों को 01 होंडा कार, 05 जिंदा कारतूस, 01 सिक्सर (पिस्तौल) 01 देशी कट्टा, घटना में प्रयुक्त 06 मोबाईल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया, वहीं मौके का फायदा उठाकर 03 अन्य अपराधकर्मी स्कॉर्पियों से भागने में सफल हो गए।
जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी जारी है। वहीं गिरफ्तार बदमाशों से जब पुछताछ की गयी तो सबने अपने आपको धीरज सहनी गिरोह का सदस्य बताया, तथा यह भी बताया कि उसने आज तक समस्तीपुर जिला में कुल 06 पिकअप लूटकांड के घटना को अंजाम दिया है।
इस दौरान उसने यह भी बताया कि, उनलोगों ने समस्तीपुर जिला के अलावे वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सारण आदि जिलों से भी माल लदे छोटे छोटे गाड़ियों को निशाना बनाकर लूट लेता था। समस्तीपुर में उसने उजियारपुर थाना क्षेत्र से 02 पिकअप तथा सरायरंजन थाना क्षेत्र से 04 पिकअप लूट की घटना को अंजाम दिया था।
एएसपी सह एसडीपीओ सदर वन संजय कुमार पांडेय ने यह भी बताया कि, इन बदमाशों की गिरफ्तारी से उजियारपुर थाना कांड संख्या -181/24 एवं 216/24 तथा सरायरंजन थाना कांड संख्या -116/24, 125/24 एवं 130/24 का सफल उद्भेदन हो गया है।
इस उपलब्धि को हासिल करने में डीआईयू शाखा प्रभारी अजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक डीआईयू शाखा अमित कुमार, पुलिस निरीक्षक संदीप कुमार, थानाध्यक्ष सरायरंजन विकास कुमार आलोक, अपर थानाध्यक्ष सरायरंजन ओमप्रकाश कुमार, डीआईयू शाखा से पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, सरायरंजन थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अर्जून प्रसाद सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मियों की भूमिका काफी सराहनीय रही है। इस टीम को पुरस्कृत करने के लिए अनुशंसा की जा रही है।







